उत्तराखंड: उत्तराखंड में देहरादून राजधानी के पवेलियन ग्राउंड में रविवार को थैलेसीमिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए 5 किलोमीटर लंबी ‘रन फॉर थैलेसीमिया’ मैराथन का समापन हुआ।
मैराथन का आयोजन
इस मैराथन में युवाओं, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लेकर समाज को स्वास्थ्य और जागरूकता का संदेश दिया। यह मैराथन पवेलियन ग्राउंड से शुरू होकर कनक चौक, दिलाराम चौक और ब्रह्म कमल चौक से गुजरते हुए वापस पवेलियन ग्राउंड पहुंचकर संपन्न हुई। समापन समारोह के दौरान विजेताओं को सम्मानित करते हुए खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि एक स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण के लिए खेलों को अपनी दैनिक जीवनशैली का अहम हिस्सा बनाना बेहद जरूरी है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे रोजाना कुछ समय खेलों और व्यायाम के लिए जरूर निकालें। साथ ही यह भी कहा कि उत्तराखंड में फिटनेस संस्कृति को बढ़ावा देना सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
मैराथन के विजेता
• बालिका वर्ग: दीपांजलि यादव (प्रथम), सोनाक्षी (द्वितीय), और आराधना ( तृतीय स्थान)।
• बालक वर्ग: रोहित (प्रथम), अर्जुन (द्वितीय), और हिमांशु बिष्ट (तृतीय स्थान)।
रहें उपस्थित
सभी विजेता प्रतिभागियों को मेडल और पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. अजय आर्य, विनोद डोभाल, ऋतु डोभाल, सीनियर साइंटिस्ट डॉ. राजीव कुमार रंजन, और अंजना सहित कई गणमान्य नागरिक और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।