यहां साइबर ठग ने एक युवक को कम दाम में स्कूटी दिलाने का झांसा दिया। ठग के झांसे में आकर युवक दो लाख रुपये की रकम गवां बैठा। अब युवक ने पुलिस से रकम वापस दिलाने की गुहार लगाई है।
पच्चीस हजार में हुआ स्कूटी का सौदा
दमुवाढूंगा काठगोदाम निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर दी है। कहना है कि कुछ समय पहले उनके पास एक फोन आया। फोन करने वाले ने उन्हें कम दाम में स्कूटी बेचने का ऑफर दिया। ऑनलाइन स्कूटी देखकर 25 हजार रुपये में सौदा पक्का कर लिया। इस पर उन्होंने आरोपी के बताए गए एकाउंट नंबर पर 5000, 19000, 15120, 15000, 120, 30240, 25000, 145000 रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद उसके दोस्त ने 20000 और 28500 रुपये मनी ट्रांसफर से भेज दिए। यहां तक कि उन्होंने दुकान से 25000 और 500 रुपये की रकम आरोपी के खाते में डाल दी। कुल 202520 रुपये की रकम भेजने के बाद भी उन्हें स्कूटी नहीं मिली। तब जाकर उन्हें ठगी का एहसास हुआ।
आरोपी के खिलाफ कारवाई कर रुपए वापस दिलाने की मांग
उन्होंने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर रुपये वापस दिलाने की मांग की है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।