Site icon Khabribox

उत्तराखंड: मामूली विवाद में दिनदहाड़े चली‌ गोली, दो घायल

रामनगर: भवानीगंज चौराहे पर मामूली विवाद पर एक युवक ने फायरिंग कर दी। जिससे दो युवक घायल हो गए। आस-पास मौजूद लोगों ने गोली चलाने वाले युवक को पकड़कर पीट दिया। जिससे आरोपी भी घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी सहित तीनों घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।

32 बोर की लाइसेंसी पिस्टल से झोंका फायर

जानकारी के मुताबिक काशीपुर सुभाष नगर आवास विकास कॉलोनी निवासी शैलेंद्र वर्मा शुक्रवार को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर हनुमानधाम मंदिर में दर्शन के लिए आया था। उसकी काशीपुर में आभूषण की दुकान है। भवानीगंज चौराहे पर वह चाट के ठेले पर रुका और चाट में मिर्च अधिक होने पर उसकी ठेले वाले से बहस हो गई। इस पर ठेले वालों ने दूसरी चाट बनाकर दी। जिसके बाद मछली बेचने वाले से भी उसकी बहस हो गई। इतना ही नहीं इसके बाद शैलेंद्र की दीपक आर्य पुत्र त्रिलोक आर्य निवासी पूछड़ी से बहस और मारपीट हो गई। इस पर गुस्साए शैलेंद्र ने .32 बोर की लाइसेंसी पिस्टल से फायर झोंक दिया। गोली दीपक के हाथ को चीरकर पास में खड़े चंदन सिंह पुत्र गजराम सिंह निवासी बंबाघेर के कंधे को छूकर निकल गई। यह सब देख आसपास के लोगों ने आरोपी शैलेंद्र को पकड़कर पीट दिया। जिससे वह भी घायल हो गया। मौके पर मौजूद पुलिस ने तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उनका इलाज चल रहा है। आरोपी का कहना है कि गोली कैसे चली उसे भी नहीं पता। पुलिस ने घायल के बेटे की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version