उत्तरकाशी: यमुनोत्री धाम यात्रा को सरल, सुगम और पूरी तरह सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है।
लिया जायजा
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक (SP) कमलेश उपाध्याय ने यमुनोत्री धाम यात्रा मार्ग और सुरक्षा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। जानकारी के अनुसार इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के सख्त निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसपी ने यमुनोत्री मार्ग के भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों, संवेदनशील स्थानों, पुलिस बैरियरों और रूट डायवर्जन प्वाइंट्स की गहन समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस टीम हर समय तत्पर रहे, ताकि किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
पार्किंग व्यवस्था परखी
यात्रा के अंतिम पड़ाव जानकीचट्टी पहुंचकर पुलिस अधीक्षक ने सीसीटीवी कंट्रोल रूम, वाहन पार्किंग, घोड़ा-खच्चर पड़ाव और कुली एजेंसी का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने भीड़ प्रबंधन, संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों व जवानों को मुस्तैदी से कार्य करने के निर्देश दिए। एसपी ने स्पष्ट किया कि यमुनोत्री पैदल मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही के साथ-साथ घोड़ा-खच्चर और डंडी-कंडी का संचालन पूरी तरह सुव्यवस्थित होना चाहिए, ताकि किसी दुर्घटना या अव्यवस्था की गुंजाइश न रहे।
रहे मौजूद
इस निरीक्षण के दौरान पुलिस उपाधीक्षक (बड़कोट) चंचल शर्मा, थानाध्यक्ष (पुरोला) दीपक कठैत, उपनिरीक्षक गीता, जानकीचट्टी चौकी प्रभारी राजेश कुमार, यातायात उपनिरीक्षक जितेन्द्र और सहायक उपनिरीक्षक रमेश लाल आर्य सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।