उत्तराखंड: देहरादून में आयोजित राज्योत्सव (उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस) समारोह के अवसर पर उत्तराखंड की दो महान हस्तियों को कला और सिनेमा जगत में उनके अतुलनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया है।
समारोह का आयोजन
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रसिद्ध लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी और सुप्रसिद्ध अभिनेता हेमंत पांडे को ‘लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार’ से सम्मानित किया है। साथ ही उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 के तहत वर्ष 2024 और 2025 के लिए चयनित इन दोनों विभूतियों को सम्मान स्वरूप ₹2-₹2 लाख की पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
किया सम्मानित
उत्तराखंड की ‘सांस्कृतिक आवाज’ कहे जाने वाले लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी को वर्ष 2024 के लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। वहीं, भारतीय फिल्म और टीवी जगत में अपनी अभिनय क्षमता का लोहा मनवाने वाले प्रसिद्ध अभिनेता हेमंत पांडे को वर्ष 2025 का यह प्रतिष्ठित सम्मान दिया गया। पिथौरागढ़ (उत्तराखंड) से ताल्लुक रखने वाले हेमंत पांडे ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाते हुए मनोरंजन जगत में राज्य का नाम रोशन किया है।