Site icon Khabribox

उत्तराखंड: शिक्षिका सृष्टि कंडारी संदिग्ध मौत मामला: सीएम ने दिए आदेश, अब सीबीसीआईडी करेगी उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच

उत्तराखंड: उत्तराखंड में सरकारी शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है।

जांच शुरू

जिस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस पूरे संवेदनशील मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच सीबीसीआईडी (CBCID) को सौंपने के निर्देश दिए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनोद कंडारी ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इस मामले की गहन जांच की मांग की थी। विधायक के इस पत्र के बाद सरकार ने तुरंत संज्ञान लेते हुए मामले को सीबीसीआईडी को ट्रांसफर कर दिया। मामले की कमान सीबीसीआईडी को मिलने के बाद अब जांच टीम घटना के हर पहलू की गहराई से पड़ताल करेगी। जिसमें दहेज की मांग और प्रताड़ना से जुड़े साक्ष्यों, फोन कॉल रिकॉर्डिंग और गवाहों के बयानों व मृतका के वायरल वीडियो और अन्य दस्तावेजो की जांच होगी।

संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

दरअसल मृतका सृष्टि कंडारी देहरादून सचिवालय में तैनात निजी सचिव सौरव खत्री की पत्नी थीं और वह मूल रूप से देवप्रयाग विधानसभा के ग्राम सिंगोली (विकासखंड कीर्तिनगर) की रहने वाली थीं। सृष्टि और सौरव की शादी को अभी महज आठ महीने ही हुए थे कि 29 जुलाई को उनकी संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका की मां की शिकायत (तहरीर) के आधार पर पुलिस ने पति सौरव खत्री, सास और ननद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष द्वारा सृष्टि को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जाता था और मानसिक रूप से परेशान किया जाता था और उन्हें आत्महत्या के लिए उकसाया गया।

Exit mobile version