उत्तराखंड: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून समेत उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में स्वाइन फ्लू (इन्फ्लुएंजा एच1एन1) का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। जिसको लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर हैं।
स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट के मुताबिक, 92 सैंपल की जांच में 22 नए मरीजों में एच1एन1 संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें 19 मरीज अकेले देहरादून के हैं, जबकि 3 मरीज अन्य जिलों से है। इसके साथ ही जिले में स्वाइन फ्लू के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 506 तक पहुंच गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, जिले में अब तक कुल 1,386 सैंपल जांच के लिए भेजे जा चुके हैं, जिनमें से 506 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। कुल संक्रमितों में 337 मरीज देहरादून और 169 मरीज अन्य जिलों के रहने वाले हैं। वहीं 430 मरीज उपचार के बाद पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 74 मामले अभी भी सक्रिय (एक्टिव) हैं। हाल ही में हुई दो मौतों के बाद डेथ ऑडिट रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू संक्रमण की पुष्टि हुई है।
डेंगू और चिकनगुनिया के भी मामले
स्वाइन फ्लू के साथ-साथ जिले में डेंगू और चिकनगुनिया के मामले भी बढ़े हैं। मंगलवार को डेंगू के 5 नए मामले (4 हरिद्वार और 1 देहरादून) सामने आए, जिससे कुल डेंगू मरीजों की संख्या 171 हो गई है। इनमें से 151 मरीज ठीक हो चुके हैं और 20 मरीजों का इलाज अस्पतालों में जारी है। इसके अलावा, चिकनगुनिया के 6 नए मामले मिलने से जिले में इसके कुल मामलों की संख्या 93 हो गई है।