ज्योतिर्मठ (चमोली): भगवान बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के दूसरे दिन आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी डोली और भगवान गरुड़ जी के ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर के गर्भगृह में विराजमान होने के साथ ही शीतकालीन यात्रा का विधिवत आगाज हो गया है।
शीतकालीन यात्रा का आगाज
इसके साथ ही उत्तराखंड के चारों धामों की शीतकालीन पूजाएं भी शुरू हो गई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने शीतकालीन यात्रा को लेकर इस बार विशेष प्रबंध किए हैं। नृसिंह मंदिर के साथ-साथ पांडुकेश्वर के योगध्यान बदरी मंदिर में उद्धव जी और कुबेर जी की पूजा-अर्चना के लिए पुजारियों की तैनाती कर दी गई है। शास्त्रों की मान्यता के अनुसार, शीतकाल में बदरीनाथ धाम के कपाट बंद रहने के दौरान देवर्षि नारद मुख्य अर्चक के रूप में भगवान की पूजा करते हैं, जबकि मनुष्यों के लिए ज्योतिर्मठ के नृसिंह मंदिर और पांडुकेश्वर के योग मंदिर में पूजा का विधान है। मान्यता है कि इन शीतकालीन पूजाओं और दर्शनों का पुण्यफल बदरीनाथ धाम में की गई पूजा के समान ही मिलता है।
अभिषेक पूजा समेत अन्य अनुष्ठानों की दरें हुईं कम
• बदरीनाथ धाम में होने वाली 5500 रुपये की अभिषेक पूजा अब यहां मात्र 1500 रुपये में कराई जा सकेगी।
• अन्य विशेष पूजाओं की दरें भी काफी सीमित रखी गई हैं ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु अनुष्ठानों में शामिल हो सकें।
• श्रद्धालु मंदिर समिति की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन पूजा और विश्राम गृह की बुकिंग भी कर सकते हैं।