Site icon Khabribox

उत्तराखंड: टैक्सी चालक ने महिला पर्यावरण मित्र से की अभद्रता, बीच-बचाव को आए बेटे के साथ की मारपीट

बागेश्वर: नगर में सफाई कर रही महिला पर्यावरण मित्र से एक टैक्सी चालक के अभद्रता करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि विरोध करने पर टैक्सी चालक ने महिला पर्यावरण मित्र के पुत्र से मारपीट की। घटना से गुस्साए पर्यावरण मित्रों ने सड़क पर कूड़े का वाहन खड़ा कर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल के समझाने पर पर्यावरण मित्र मानें।

घटना के विरोध में पर्यावरण मित्रों ने पिंडारी सड़क पर लगाया जाम

जानकारी के मुताबिक पर्यावरण मित्र शकुंतला देवी शुक्रवार सुबह पिंडारी रोड स्थित टैक्सी स्टैंड के पास सफाई कर रहीं थीं। इस दौरान टैक्सी चालक लल्लू के साथ उनकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि लल्लू ने पर्यावरण मित्र से गालीगलौज की। साथ ही बीचबचाव को आए पर्यावरण मित्र के पुत्र अभिषेक के साथ टैक्सी चालक ने मारपीट की। घटना से गुस्साए पर्यावरण मित्र मौके पर पहुंचे। घटना के विरोध में उन्होंने पिंडारी सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पर्यावरण मित्र चालक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग करने लगे। घटना की जानकारी मिलने पर पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने पर्यावरण मित्रों को समझाया। कहा कि आरोपी टैक्सी चालक के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी। पालिकाध्यक्ष के आश्वासन पर पर्यावरण मित्रों ने करीब एक घंटे बाद जाम खोला। पर्यावरण मित्रों ने आरोपी के खिलाफ 24 घंटे में कार्यवाही न होने पर सफाई व्यवस्था ठप करने की चेतावनी दी है। पर्यावरण मित्रों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने टैक्सी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version