देहरादून: उत्तराखंड में प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ECCE) को अधिक प्रभावी और व्यापक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है।
उठाया खास कदम
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग (WECD), उत्तराखंड सरकार और दोस्त लर्निंग फाउंडेशन ने देहरादून स्थित निदेशालय परिसर में एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर कर अपनी साझेदारी को नवीनीकृत किया है। इस समझौते पर WECD उत्तराखंड के निदेशक बंशीधर राणा और दोस्त लर्निंग फाउंडेशन की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) ऋचा शुक्ला ने हस्ताक्षर किए। इस साझेदारी का मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड सरकार के प्रमुख ECCE कार्यक्रमों को गति देना है, जिनमें मुख्य रूप से नवचेतना, आधारशिला व पोषण भी पढ़ाई भी अभियान शामिल हैं। इस सहयोग के जरिए राज्य के आंगनवाड़ी केंद्रों की गुणवत्ता में सुधार किया जाएगा। साथ ही, बच्चों के समग्र विकास के लिए परिवारों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए एक अनुकूल वातावरण तैयार करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
सभी 13 जिलों में चलेंगे नवाचार कार्यक्रम
नवीनीकृत समझौते के तहत दोस्त लर्निंग फाउंडेशन राज्य के सभी 13 जिलों में अपनी सेवाएं जारी रखेगा। संस्था आंगनवाड़ी केंद्रों को मजबूत करने के लिए कई आधुनिक और जमीनी स्तर के नवाचारों का उपयोग करेगी। संस्था डिजिटल शिक्षण सहायता, कहानी-आधारित भाषा विकास, समुदाय आधारित गतिविधियों तथा मॉडल आंगनवाड़ी केंद्रों के सुदृढ़ीकरण जैसे नवाचारों के माध्यम से विभाग के प्रयासों को और मजबूत करेगी।
बच्चों के शुरुआती वर्ष हैं सबसे महत्वपूर्ण
इस मौके पर विभाग के अधिकारियों ने कहा कि बच्चों के जीवन के शुरुआती वर्ष उनके भविष्य, स्वास्थ्य और सामाजिक विकास की नींव होते हैं। इसलिए परिवारों, समुदायों और आंगनवाड़ी केंद्रों के बीच एक मजबूत कड़ी का होना बेहद जरूरी है।
यह साझेदारी उत्तराखंड को एक बाल-अनुकूल और सीखने को प्रोत्साहित करने वाला राज्य बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
रहें उपस्थित
इस अवसर पर ECCE नोडल अधिकारी (WECD) सरोज त्रिपाठी, दोस्त लर्निंग फाउंडेशन के ऑपरेशन मैनेजर दिशा रजवार व अरुण मिश्रा, और दोस्त प्रतिनिधि राजू मेहर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।