Site icon Khabribox

उत्तराखंड: महिला को मरा हुआ मानकर जंगल में छोड़ भागे लुटेरे, लाखों के गहनों पर किया हाथ साफ

हरिद्वार से महिला को सांप की केंचुली देने के बहाने लूट-पाट की घटना सामने आई है। आरोप है कि एक व्यक्ति उन्हें सांप की केंचुली देने के बहाने जंगल में ले गया। जहां आरोपी ने महिला के सिर पर पत्थर से वार कर उसे घायल कर दिया और उसके आभूषण लूटकर फरार हो गया।

यह है पूरा मामला

कृष्ण कन्हैया रंगा निवासी पुरुषोत्तम विहार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी मां चंदा देवी रंगा की मुलाकात एक सपेरे से हुई। सपेरे ने उसकी मां को सांप की केंचुली देने के बहाने 17 नवंबर को मातृ सदन रोड जगजीतपुर कनखल में बुुलाया। सपेरे ने कहा कि वहां उसका भांजा आएगा जिसके पास सांप की केंचुली है। कृष्ण के मुुताबिक कुछ ही देर में एक युवक बाइक पर आया और उसकी मां को मातृ सदन रोड से पुल पार कर जंगल की तरफ ले गया। जिसके बाद युवक ने उसकी मां के सिर और चेहरे पर पत्थरों से वार कर दिया। जिससे वह बेहोश हो गई। आरोपी महिला को मरा हुआ मानकर सोने की दो जोड़ी चुड़ियां और सोने की अंगुठी निकालकर फरार हो गए।

मुकदमा दर्ज

जंगल से गुजर रहे राहगीरों ने महिला को बेहोशी की हालत में पड़ा देख अस्पताल में भर्ती कराया। जिसके बाद महिला को मंगलवार को होश आया तो उसने घटना की जानकारी परिजनों को दी। जिसके बाद महिला के बेटे कृष्ण ने मामले की तहरीर पुलिस को दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Exit mobile version