Site icon Khabribox

उत्तराखंड: युवाओं के हाथों में उत्तराखंड का भविष्य: ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान में इतने लाख छात्रों ने सौंपे विकास के नवाचारी विचार, सितंबर में घोषित होंगे परिणाम

उत्तराखंड: उत्तराखंड के विकास को नई दिशा देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान को राज्य भर के विद्यार्थियों का काफी समर्थन मिला है।

विद्यार्थियों में खासा उत्साह

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रदेश भर के कक्षा 11वीं और 12वीं में पढ़ने वाले 2,67,744 से अधिक विद्यार्थियों ने निबंध लिखकर राज्य के भविष्य का खाका तैयार किया है। यह पहला मौका है जब स्कूली छात्र-छात्राओं को सीधे राज्य की नीति निर्माण प्रक्रिया से जोड़ा गया है। जिसमें 10 अगस्त को आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ के बाद शुरू किए गए इस अभियान के तहत छात्रों ने 24 अगस्त तक पोर्टल पर अपने निबंध अपलोड किए। विद्यार्थियों ने पर्यटन, रोजगार सृजन, सामाजिक उत्थान, वन एवं पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और आधुनिक तकनीक के उपयोग जैसे आठ अहम क्षेत्रों पर बेहद व्यावहारिक और नवाचारी सुझाव दिए हैं।

विचारों पर होगी चर्चा

रिपोर्ट्स के मुताबिक विशेषज्ञों की टीम द्वारा निबंधों के मूल्यांकन के बाद 16 सितंबर को परिणाम घोषित किए जाएंगे। चयनित शीर्ष 140 विद्यार्थियों को शासन के वरिष्ठ अधिकारियों, सचिवों और स्वयं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ बैठकर अपने विचारों पर सीधे चर्चा करने का मंच मिलेगा। साथ ही इन होनहार छात्रों को उच्च करियर मार्गदर्शन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष सहयोग दिया जाएगा, जबकि सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को डिजिटल प्रमाण पत्र प्रदान किया गया है।

Exit mobile version