Site icon Khabribox

उत्तराखंड: हरिद्वार के बहादराबाद में लगा त्रिदिवसीय आयुर्वेद चिकित्सा शिविर , पहले दिन 135 मरीजों ने उठाया लाभ

उत्तराखंड: जनपद हरिद्वार के बहादराबाद स्थित आयुर्वेद उत्कर्ष केंद्र में आज से त्रिदिवसीय जिला स्तरीय आयुर्वेद चिकित्सा शिविर का विधिवत शुभारंभ हुआ।

शिविर का आयोजन

इस शिविर का उद्घाटन जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. स्वास्तिक सुरेश ने किया। उद्घाटन के अवसर पर डॉ. स्वास्तिक सुरेश ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि आयुर्वेद केवल रोगों का उपचार नहीं, बल्कि एक संपूर्ण स्वस्थ जीवनशैली का आधार है। उन्होंने लोगों को दैनिक जीवन में आयुर्वेदिक पद्धति को अपनाने के लिए प्रेरित किया ताकि वे एक निरोग और स्वस्थ जीवन जी सकें। शिविर में विशेषज्ञों की एक बड़ी टीम तैनात रही, जिन्होंने मरीजों को परामर्श देने के साथ-साथ आयुर्वेदिक उपचार प्रदान किए। इस दौरान डॉ. विशाल प्रभाकर, डॉ. सोरमी सोमकर (शल्य चिकित्सक), डॉ. विजेन्द्र कुशवाह (क्षारसूत्र विशेषज्ञ), डॉ. विकास दुबे (पंचकर्म विशेषज्ञ) और डॉ. संजय कुमार ने अपनी सेवाएं दीं। शिविर में मुख्य रूप से पंचकर्म, अग्निकर्म, जलौकावचारण एवं क्षारसूत्र चिकित्सा जैसी पद्धतियों पर जोर दिया गया। मरीजों को रोगों की रोकथाम के लिए आहार-विहार और आयुर्वेदिक जीवनशैली अपनाने संबंधी विशेष परामर्श भी दिए गए।

परीक्षण और औषधि वितरण की व्यवस्था

शिविर में आने वाले मरीजों की सुविधा के लिए हीमोग्लोबिन, रक्त शर्करा (ब्लड शुगर), रक्तचाप (बीपी) और ईसीजी परीक्षण की नि:शुल्क व्यवस्था की गई थी, जिसका संचालन आयुर्वेदिक परिचारिका कंचना और शीतल द्वारा किया गया। वहीं, मरीजों को औषधियों का वितरण मुख्य फार्मेसी अधिकारी कैलाश भट्ट और शशि कला द्वारा किया गया। शिविर को सफल बनाने में गोविंद, सतीश और रघुवीर का विशेष योगदान रहा।

आगामी दो दिनों तक चलेगा शिविर

मीडिया प्रभारी एवं आयुष मिशन विशेषज्ञ डॉ. अवनीश कुमार उपाध्याय ने जानकारी दी कि शिविर के पहले दिन 135 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। उन्होंने बताया कि यह शिविर आगामी 30 जून और 01 जुलाई को भी जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इस निशुल्क चिकित्सा सेवा का लाभ उठा सकें।

Exit mobile version