Site icon Khabribox

उत्तराखंड को मिलेगा पहला विकसित यमुना घाट: सीएम पुष्कर सिंह धामी हरिपुर यमुनाघाट का करेंगे लोकार्पण

उत्तराखंड: उत्तराखंड के देहरादून जिले में कालसी क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक व धार्मिक स्थल हरिपुर अपनी सांस्कृतिक पहचान को पुनः जीवित करने जा रहा है।

सीएम करेंगे लोकार्पण

इसी क्रम में यमुना तट पर बने राज्य के पहले विकसित यमुना घाट का लोकार्पण सीएम पुष्कर सिंह धामी करेंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसका लोकार्पण 17 सितंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा निर्मित इस घाट पर होने वाली पहली महाआरती प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को समर्पित होगी।
​विश्वकर्मा दिवस और पीएम मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में कई साधु-संत और स्थानीय नागरिक शिरकत करेंगे। इस दौरान यमुना तट पर सामाजिक संगठन ‘लोक पंचायत’ द्वारा स्थापित मां यमुना की भव्य प्रतिमा का भी अनावरण किया जाएगा।

स्थानीय रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

पहाड़ों से निकलकर मैदानी इलाकों की ओर बहती यमुना का हरिपुर एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जहां टौंस (तमसा), अमलावा और नौरा नदियों का संगम इसकी प्राकृतिक सुंदरता को बढ़ाता है। इस घाट के शुरू होने से न केवल हरिपुर धार्मिक पर्यटन के नए केंद्र के रूप में उभरेगा, बल्कि जौनसारी लोक संस्कृति, स्थानीय हस्तशिल्प, खान-पान और लोककला को बढ़ावा मिलने से क्षेत्रवासियों के लिए स्वरोजगार के नए अवसर भी बढ़ेंगे।

Exit mobile version