Site icon Khabribox

उत्तराखंड टॉप टेन न्यूज़ (26 अक्टूबर, बुधवार  शुक्ल  पक्ष , प्रतिपदा , वि. सं. 2079)

Ten

◆ उत्तरकाशी स्थित गंगोत्री धाम के कपाट आज अन्नकूट पर्व पर शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के बाद मां गंगा की उत्सव डोली को गंगोत्री धाम से शीतकालीन पड़ाव मुखबा के लिए प्रस्थान कराया गया। डोली लंका स्थित भैरव मंदिर में विश्राम के बाद कल मुखबा पहुंचेगी।

◆ मुख्यमंत्री धामी ने आज गोवर्धन पूजा के अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में गायों की पूजा कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

◆ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में 27 और 28 अक्टूबर 2022 को सूरजकुंड, फरीदाबाद में केंद्रीय गृह मंत्री की अध्यक्षता में प्रस्तावित गृह मंत्रियों के चिंतन शिविर के संबंध में तैयारियों की समीक्षा बैठक ली। चिंतन शिविर में प्रदेश की ओर से मुख्यमंत्री प्रतिभाग करेंगे।

◆ ड्रग्स मुक्त देवभूमि के लक्ष्य को हासिल करने के लिए तीस अक्टूबर को हंस फाउंडेशन की ओर से मैराथन का आयोजन किया जा रहा है। मैराथन के लिए पुलिस की ओर से रूट भी जारी कर दिया गया है। इस मैराथन में अब तक 12 हजार लोगों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा लिया है।

◆ भीमताल के ओखलकांडा विकासखंड में एक पुजारी का शव मिलने से कोहराम मच गया। मंगलवार से लापता पुजारी का शव गधेरे में मिला।

◆ दीपावली की छुट्टी के मद्देनजर प्रदेश के पर्यटन स्थलों में पर्यटकों की संख्या बढ़ी। दिवाली के बाद नैनीताल, भवाली, भीमताल, सातताल, नौकुचियाताल, रामगढ़ व मुक्तेश्वर समेत आसपास के सभी पर्यटक स्थलों में खूब सैलानी उमड़ रहे हैं।

◆ दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल के नोटों पर श्री गणेश और लक्ष्मी की तस्वीर लगाने की मांग पीएम मोदी से की है। इस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) के नेतृत्व में देश के अंदर चाहे धर्म की बात हो या अर्थव्यवस्था की बात हो, सभी कार्य पूरी तरह से अभूतपूर्व है।

◆ केदारनाथ धाम के गृभगृह की दीवारें स्वर्णमंडित हुईं हैं। गर्भगृह की दीवारें को 550 सोने की परतों से भव्य रूप दिया गया है। स्वर्णमंडित कार्य के दौरान विशेषतौर से सावधानी रखी जा रही है।

◆ यमुनोत्री धाम के कपाट कल दोपहर 12 बजकर 9 मिनट पर बंद होंगे। श्री केदारनाथ धाम के कपाट कल प्रातः साढे आठ बजे शीतकाल के लिए बंद हो जायेंगे और भगवान केदारनाथ की पंचमुखी डोली शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ प्रस्थान करेगी।

◆ उत्तरकाशी हिमस्खलन हादसे में लापता दो प्रशिक्षु पर्वतारोहियों का अब तक पता नहीं चल पाया है। उनकी तलाश के लिए अब जी.पी. आर यानी ग्राउंड पेनेट्रेटिंग रडार को, द्रौपदी का डांडा-2 चोटी के समिट कैंप पर पहुंचा दिया गया है।

◆ उत्तराखंड परिवहन निगम में अब पुरानी बसों को हटाकर उनकी जगहों पर नई बसों का संचालन किया जाएगा। इसके लिए निगम तैयारियों में जुटा हुआ है। परिवहन मंत्री चंदन राम दास ने बताया कि निगम में 660 नई बसें खरीदने की प्रक्रिया चल रही है।

Exit mobile version