◆ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि उधमसिंह नगर में इन्टीग्रेटेड मैनुफैक्चरिंग क्लस्टर की स्थापना होने से इंडस्ट्रियल एरिया को लाभ मिलने के साथ ही स्थानीय युवाओं को रोजगार भी मिलेगा।
◆ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय राज्यमंत्री रामदास अठावले ने आज देहरादून में तीन दिवसीय राईज़ इन उत्तराखंड मेगा एग्ज़िबिशन का शुभारंभ किया। यह प्रदर्शनी देहरादून के एक निजी होटल में 9 जुलाई तक चलेगी।
◆ मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु ने आज देहरादून में अग्निपथ योजना के तहत प्रदेश में अगस्त व सितम्बर माह में होने वाली भर्तियों के सम्बन्ध में शासन के उच्चाधिकारियों, पुलिस व सेना के अधिकारियों के साथ बैठक की।
◆ विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी भूषण से आज देहरादून में उत्तराखंड महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने राज्य में महिला सशक्तिकरण की दिशा में किए जा रहे कार्यों और अन्य विषयों पर चर्चा की।
◆ देहरादून में आयोजित मंत्रिमंडलीय उप समिति की बैठक में राजकीय मेडिकल कॉलेजों और जिला चिकित्सालयों के आउटसोर्स कार्मिकों की मांगों पर विचार विमर्श किया गया। साथ ही समिति की ओर से लिए गए फैसले को आगामी कैबिनेट बैठक में रखने का निर्णय लिया गया है।
◆ रोडवेज प्रबंध निदेशक से वाल्वो बस में अधिक किराया वसूलने का मामला सामने आया है। वह साधारण यात्री बनकर बस में सवार हुए थे। उन्होंने दिल्ली से मुजफ्फरनगर तक का टिकट लिया पर परिचालक ने देहरादून तक का किराया वसूला।
◆ काली सेना के संस्थापक स्वामी आनंद स्वरूप ने हत्या की धमकी मिलने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सुरक्षा की गुहार लगाई है। उन्होंने नुपुर शर्मा के समर्थन में एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसके बाद उन्हें जान से मारने की धमकी मिल रही है।
◆ बदरीनाथ मंदिर की दीवार पर हल्की दरार आने का मामला संज्ञान में आने पर केंद्रीय संस्कृति सचिव से बदरीनाथ धाम को संरक्षित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया गया। इस पर केंद्र की ओर से आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए गए।
◆ हरिद्वार: हरकी पैड़ी के निकट भूरे की खोल बस्ती में मंगलवार को गुलदार घुस गया। वह बस्ती के नजदीक हनुमान मंदिर के आसपास घूमता रहा। गुलदार के डर से लोगों ने घरों के दरवाजे बंद कर दिए और छतों से वीडियो बनाते रहे।
◆ मुख्यमंत्री धामी ने आज सोशल मीडिया पर ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल लाइन परियोजना की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि रेल लाईन का कार्य तीव्र गति से प्रगति पर है और आने वाले समय में यह रेल परियोजना उत्तराखंड के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।