Site icon Khabribox

उत्तराखंड टॉप टेन न्यूज़ (14 नवंबर, सोमवार , मार्गशीर्ष, कृष्ण पक्ष, षष्ठी , वि. सं. 2079)

Ten

◆ प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी होने और निचले हिस्सों में बादल छाए रहने व बूंदाबांदी होने से तापमान में गिरावट आई है। उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और रुद्रप्रयाग के ऊंचाई वाले इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश के साथ ही बर्फबारी के समाचार हैं।

◆ आईआईटी रुड़की में भूकंप अभियांत्रिकी पर आधारित संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें कई देशों के वैज्ञानिकों ने भाग लिया। इस अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठी में भूकंप से बचाव एवं भूकंप रोधी भवन बनाने पर जोर दिया गया।

◆ कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी के क्यार कुल्ली भट्टा के ग्रामीणों की आवासीय समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी और एम.डी.डी.ए के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं श्री जोशी के समक्ष रखी।

◆ नैनीताल पुलिस ने हल्द्वानी शहर में 230 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाने का फैसला लिया है। ये सीसीटीवी कैमरे हल्द्वानी के प्रमुख चौराहों पर लगाए जाएंगे, जहां लोगों की आवाजाही सबसे ज्यादा रहती है।

◆ ऐतिहासिक व सांस्कृतिक गौचर मेला आज से शुरू हो गया है। यह मेला 20 नवम्बर तक चलेगा। इस मेले का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक मेले हमारी समृद्ध विरासत और परम्पराओं का प्रतीक हैं।

◆ बागेश्वर जिले में नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। बागेश्वर पुलिस की एसओजी टीम ने आज 5 किलोग्राम 788 ग्राम चरस के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया। चारों आरोपी उत्तर प्रदेश के बागपत के निवासी है।

◆ नयागांव भट्टे (सितारगंज) में एक निजी स्कूल बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से 2 लोगों की मृत्यु हो गई है जबकि कई बच्चों के घायल होने की खबर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे में मृतकों के प्रति शोक व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की ईश्वर से प्रार्थना की है।

◆ प्रदेश में जल्द ही एयर एंबुलेस सेवा शुरू हो जाएगी। आज यह जानकारी देते हुए नागरिक उड्डयन सचिव दिलीप जावलकर ने बताया कि इसके लिए निविदा प्रक्रिया सम्पन्न होने की प्रतीक्षा हो रही है। निविदा प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद एयर एंबुलेस को ऋषिकेश में स्थापित किया जाएगा।

◆ रुद्रपुर में आठवीं कक्षा के छात्र की स्कूल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। हालांकि परिजनों ने शिक्षकों पर मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

◆ पूर्व सीएम हरीश रावत ने पूर्व सीएम तीरथ सिंह रावत के कमीशनखोरी पर दिए बयान पर भाजपा को चुनौती देते हुए घेरा। कहा कि, भाजपा के भ्रष्टाचार की अनंत कथाएं हैं। आम जनता इससे पीड़ित है ही।

Exit mobile version