◆ बदरीनाथ मंदिर को दीपावली के मौके पर 15 क्विंटल गेंदे, चम्पा चमेलीऔर रंग बिरंगे फूलों से सजाया गया है। दीपावली पर्व पर बदरीनाथ मंदिर में भगवान नारायण और परिसर में स्थित लक्ष्मी मंदिर में लक्ष्मी की विशेष पूजा की जाती है।
◆ राज्यपाल गुरमीत सिंह से राजभवन में मुख्यमंत्री धामी
ने भेंट कर दीपावली की शुभकामनाएं दी।
◆ पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने कहा है कि कल 25 अक्टूबर को सूर्य ग्रहण के चलते चारों धामों के कपाट प्रातः 4 बजकर 26 मिनट पर बंद हो जायेंगे। श्री महाराज ने बताया कि 25 अक्टूबर शाम 5 बजकर 32 मिनट तक ग्रहण काल रहेगा।
◆ दिवाली पर्व पर भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी ने गश्त बढ़ा दी है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए डॉग स्क्वाड की मदद भी ली गई है।
◆ उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने हर महीने के पहले और आखिरी शुक्रवार को होने वाली जन सुनवाई को स्थगित कर दिया है। आयोग सचिव के मुताबिक, आठ परीक्षाओं की उच्च स्तरीय जांच के चलते यह फैसला लिया गया ।
◆ फर्जी व्यक्ति के नाम पर देहरादून के राजपुर क्षेत्र में जमीन पर कब्जा करने और पेड़ों के अवैध कटान करने के मामले में राजपुर थाना पुलिस ने तत्कालीन डीजीपी बीएस सिद्धू और तत्कालीन अपर तहसीलदार शूजाउद्दीन सहित आठ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
◆गंगोत्री धाम के कपाट अन्नकूट के पर्व पर 26 अक्टूबर को दोपहर 12.01 बजे बंद होंगे। कपाट बंद होने के बाद देश-विदेश के श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन उनके शीतकालीन प्रवास मुखीमठ (मुखवा) में कर सकेंगे। यमुनोत्री धाम के कपाट भैया दूज पर 27 को दोपहर 12.09 बजे बंद होंगे।
◆ पिंडारी ग्लेशियर पिछले 40 वर्षों में करीब 700 मीटर पीछे खिसक गया है। पिंडारी यात्रा मार्ग पर पड़ने वाले बुग्यालों में भी लगातार भूस्खलन हो रहा है। पर्यावरणविदों ने इस पर चिंता जाहिर की है।
◆ उत्तराखंड परिवहन को रिकॉर्ड कमाई हो रही है। बीते सितंबर माह में निगम को करीब 16 करोड़ 90 लाख रुपये का लाभ हुआ। वहीं, दीपावली के मौके पर राजधानी देहरादून और हल्द्वानी समेत कई अन्य बस स्टेशनों पर रिकॉर्ड भीड़ देखने को मिल रही है। कई मार्गों के लिए अतिरिक्त बसे संचालित की जा रही है।
◆ चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा पर आने वाले यात्रियों की संख्या 42 लाख से पार हो गई है। इसके साथ ही अब तक लगभग 4 लाख से अधिक वाहन भी चारधाम पहुंचे हैं। वर्तमान में रिकार्ड स्तर पर यात्री अपनी उपस्थिति दर्ज करा चुके हैं।