Site icon Khabribox

उत्तराखंड टॉप टेन न्यूज़ (26 अगस्त, शुक्रवार , भाद्रपद, कृष्ण पक्ष , चतुर्दशी  , वि. सं. 2079)

Ten

◆ प्रदेश के बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, धारचूला, देहरादून या हरिद्वार और नैनीताल में नए डॉप्लर रडार लगाए जाएंगे। आपको बता दें कि मुक्तेश्वर में अब तक राज्य का एकमात्र डोपलर रडार काम कर रहा है। वहीं सुरकंडा में लगा राडार इस महीने के अंत तक काम करना शुरू कर देगा।

◆ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन के अंतर्गत गूलर से शिवपुरी टनल ब्रेक-थ्रू का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि भविष्य के लिए और भी रेलवे लाइनों, सड़को के निर्माण के लिए स्वीकृति मिल चुकी हैं, जिन पर शीघ्र ही कार्य शुरू कर दिए जाएंगे।

◆ उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जौलीग्रांट हवाई अड्डे से देहरादून और अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ के बीच हेलीकॉप्टर सेवाओं का उद्घाटन किया। उन्‍होंने सेवा को शुरू करने के लिए केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री का आभार व्यक्त किया।

◆ कांग्रेस ने सरकार से भर्तियों में घोटाले रोकने के लिए नकल विरोधी कानून बनाने की मांग की। नकल माफिया के खिलाफ तभी कड़ी करवाई की जा सकती है जब राजस्थान की तर्ज पर नकल विरोधी कानून बनाया जाय। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि सरकार को तत्काल अध्यादेश लाना चाहिए।

◆ प्रदेश के दो वरिष्ठ शिक्षकों को इस वर्ष राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2022 के लिए चुना गया है। प्रधानाचार्य कौस्तुभचंद्र जोशी और प्रवक्ता प्रदीप नेगी को पांच सितंबर को राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु दिल्ली में सम्मानित करेंगी।

◆ वर्ष 2015 में हुई सब इंस्पेक्टर भर्ती भी जांच के दायरे में आ गई है। 2015 में 339 दरोगा की भर्ती हुई थी। पुलिस मुख्यालय ने इस संबंध में मिली शिकायत पर शासन को पत्र लिखकर विजिलेंस जांच का अनुरोध किया।

◆ बीते 24 घंटे के भीतर 12 जिलों में 126 नए संक्रमित मिले हैं। जबकि 73 मरीज ठीक हुए हैं।

◆ केन्द्रीय रक्षा एवं पर्यटन मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि अग्निवीरों की भर्ती में उत्तराखंड के युवाओं को हाइट में छूट दिए जाने का मामला केन्द्र स्तर पर उठाया जाएगा।

◆ जौनसार की लोक गायिका संजना राज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव कमरे की खिड़की की ग्रिल पर फंदे से लटका मिला।

◆ मौसम विभाग ने उत्तराखंड में अगले चार दिन तक वर्षा का यलो अलर्ट जारी किया है। यलो अलर्ट को देखते हुए प्रशासन और राज्य आपदा मोचन बल को सतर्क कर दिया गया है और किसी भी प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए सभी जरूरी तैयारियां कर ली गई हैं।

Exit mobile version