◆ मौसम विभाग ने आज और कल प्रदेश के अधिकांश जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में कल से बारिश का सिलसिला जारी है। राजधानी देहरादून में भी बीती रात और आज दोपहर हुई तेज बारिश ने लोगों की दिक्कतें बढ़ा दी हैं।
◆ भारत-केन्या के पारंपरिक संबंधों और रक्षा सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए, केन्या सैन्य अकादमी की कमांडेंट, मेजर जनरल एफजी अहमद ने 5 से 7 अक्तूूबर तक देहरादून स्थित भारतीय सैन्य अकादमी का दौरा किया।उनके साथ केन्या सैन्य अकादमी का पांच सदस्यों का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आईएमए आया।
◆ विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी ने कहा है कि प्रदेश विधानसभा को देश में आदर्श विधान सभा के रूप में स्थापित करने के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रोफेशनल तरीके के साथ ही जिम्मेदारी, ईमानदारी व कर्तव्यनिष्ठा से कार्य करना होगा।
◆ मुख्यमंत्री धामी ने आज देहरादून में अधिकारियों को महिलाओं की सुरक्षा एवं महिला सशक्तीकरण पर विशेष ध्यान दिए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाएं रोजगार और स्वरोजगार से अधिक संख्या में जुड़े, इस दिशा में सभी विभागों को मिलकर प्रयास करने हैं।
◆ कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने आज देहरादून में राजकीय महिला कल्याण एवं पुर्नवास केन्द्र के नवनिर्मित 40 बैड के शयन कक्षों और राजकीय बाल गृह के नवनिर्मित 20 बैड के शयन कक्षों का लोकार्पण किया।
◆ उत्तरकाशी में द्रौपदी का डांडा पर्वत चोटी पर हिमस्खलन में फंसे पर्वतारोहियों को निकालने का रेस्क्यू अभियान युद्धस्तर पर जारी है। अबतक कुल 26 शव निकाले जा चुका है। कई अभी भी लापता हैं। वायुसेना, आईटीबीपी, नेहरू पर्वतारोहण संस्थान और एसडीआरएफ के जवान खोज व बचाव अभियान में जुटे हैं।
◆ पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने पर्यटन सचिव सचिन कुर्वे को राज्य में चल रहे सभी होटल, होम स्टे और रिजॉर्ट की गहनता से जांच कर उनके पंजीकरण और वहाँ होने वाली गतिविधियों पर पैनी निगाह रखने के निर्देश दिए हैं।
◆ यूट्यूबर बॉबी कटारिया आज दिल्ली से 11 वकीलों को लेकर कोर्ट पहुंचा था। कोर्ट ने 25 हजार रुपये के जमानती बॉन्ड पर कटारिया को जमानत दी।
◆ भारत से नेपाल जा रहे दो व्यक्तियों को पुलिस ने छह लाख की नकदी के साथ पकड़ कस्टम को सौंप दिया। भारत और नेपाल के बीच केवल पच्चीस हजार रुपये की करेंसी ही लाई और ले जाई जा सकती है।
◆ उत्तराखंड के पर्यटन व संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने राज्य का पहला ओटीटी प्लेटफॉर्म अम्बे सिने लॉन्च किया है। इस पर कुमाऊंनी और गढ़वाली भाषा के साथ-साथ कई क्षेत्रीय भाषाओं पर आधारित फिल्में, वेब सीरीज व डॉक्यूमेंट्री का प्रसारण किया जाएगा।
◆ सांसद अजय टम्टा ने आज पिथौरागढ़ में ज़िला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने केन्द्र पोषित योजनाओं की समीक्षा की तथा सम्बन्धित अधिकारियों को विकास योजनाओं से सम्बन्धित सभी कार्य समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिये।