Site icon Khabribox

उत्तराखंड: ट्रक चालक ने साइड नहीं देने पर ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, गिरफ्तार

रूड़की: सोलानी पुल पर हुए हादसे में घायल चालक ने होश में आने के बाद पुलिस को दिए बयान में बताया कि ट्रक चालक ने साइड नहीं देने पर जानबूझकर ट्रैक्टर- ट्रॉली को टक्कर मारी थी।‌ जिसके बाद पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया है।

यह है पूरा मामला

रुड़की कोतवाली के नगला इमरती गांव निवासी जितेंद्र ट्रैक्टर ट्राली में ईंटों की ढुलाई का काम करता है। मंगलवार की सुबह वह एक ईंट भट्टे से ईंट भरकर लक्सर की ओर आ रहा था। उसके साथ गांव के ही हिमांशु, चंद्र व ऋतिक भी ट्रैक्टर पर बैठे थे। इस दौरान जब वह लक्सर-रुड़की मार्ग पर सोलानी नदी के पुल पर पहुंचे, तभी सामने से आ रहे एक ट्रक ने ट्रैक्टर ट्राली में टक्कर मार दी। अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर ट्राली सोलानी नदी के पुल से कई फीट नीचे गिरकर पलट गई। ट्रैक्टर पलटने से उस पर सवार चालक और ऋतिक छिटककर कुछ दूर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि चंद्र और हिमांशु ट्रैक्टर के नीचे दब गए। इससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

जानबूझकर मारी टक्कर

चालक ने होश में आने पर बताया की सोलानी पुल से पहले ट्रक चालक और उसके बीच साइड नहीं देने पर बहस हुई थी। सड़क पर मोड़ होने एवं ट्रैक्टर-ट्राली में लोड होने के कारण वह साइड नहीं दे पाया। जैसे ही वह पुल पर आया तो उसने साइड दी थी। इसके बाद ट्रक चालक ने ओवरटेक करते हुए ट्रैक्टर-ट्राली को टक्कर मार दी। जिससे यह हादसा हो गया। पुलिस ने बयान के आधार पर ट्रक चालक तस्लीम निवासी गांव मोहितपुर, भगवानपुर को दुर्घटना का जिम्मेदार मानते हुए मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया है।

Exit mobile version