उत्तराखंड से जुड़ी दुखद खबर सामने आई हैं । यहां आज सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौत हो गई जबकि दादा व पोती घायल हैं। टिहरी गढ़वाल के मुनिकीरेती पट्टी दोगी क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में घायलों और मृतकों की पहचान हो गई है। बताया जा रहा है कि हादसे में जान गंवाने वाले विकास और अमित दोनों सगे भाई हैं। अमित का एक मई को विवाह था। खरीददारी के सिलसिले में दोनों भाई गांव से ऋषिकेश बाजार जा रहे थे।
दुर्घटना में दो सगे भाइयों की मौत
प्राप्त जानकारी के मुताबिक टिहरी गढ़वाल के मुनिकीरेती पट्टी दोगी क्षेत्र में सोमवार की सुबह ऋषिकेश की ओर आ रही एक कार गहरी खाई में समा गई। इस दुर्घटना में दो सगे भाइयों की मौत हो गई। जबकि कार में सवार एक दादा और उनकी पोती घायल हो गई। दोनों घायलों को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है। थाना मुनिकीरेती को सोमवार की सुबह आज करीब 8:30 बजे सूचना मिली की थाना मुनिकीरेती क्षेत्र के अंतर्गत बदरीनाथ हाईवे पर गूलर की ओर जाने वाले संपर्क मार्ग पर एक कार गहरी खाई में गिर गई है। जिसके बाद कड़ी मशक्कत के बाद खाई में उतर कर टीम ने चारों का रेस्क्यू किया। बताया जा रहा है कि विकास सिंह (37 वर्ष) की दुर्घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि उनके छोटे भाई गंभीर रूप से घायल अमित चौहान (30 वर्ष) पुत्र सूरत सिंह चौहान निवासी ग्राम मुंडाला, पट्टी दोगे मुनिकीरेती, टिहरी गढ़वाल की उपचार के दौरान मृत्यु हुई । वहीं दादा व पोती का ऋषिकेश एम्स में उपचार चल रहा है।
परिवार में कोहराम
हादसे में जान गंवाने वाले विकास और अमित दोनों सगे भाई हैं। अमित का एक मई को विवाह था।शादी की खरीददारी के लिए दोनों भाई गांव से ऋषिकेश बाजार जा रहे थे इसी बीच रास्ते में दादा और पोती ने उनसे लिफ्ट मांग ली। वहीं हादसे के बाद से शादी की खुशियां मातम में बदल गई और पूरे क्षेत्र व परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।