March 29, 2024

Khabribox

Aawaj Aap Ki

उत्तराखंड: एक माह की छुट्टी बीता कर वापस जा रहे सेना के जवान समेत दो लोगों की सड़क दुघर्टना में मौत, परिजन कर रहे थे शादी की तैयारियां

देहरादून: एक माह की छुट्टी बीता कर ड्यूटी पर जा रहे सेना के जवान संतोष प्रसाद की सड़क दुघर्टना में मौत हो गई। साथ ही वाहन सवार जवान की मौसी के बेटे अभिषेक की भी मौत हो गई। दोनों बाइक से प्रेमनगर से आइएसबीटी जा रहे थे। जहां से उन्हें चंडीगढ़ के लिए बस पकड़नी थी। चंडीगढ़ से आगे का सफर हवाई जहाज से करना था।अभिषेक बाइक से संतोष को आइएसबीटी तक छोड़ने जा रहा था। पंडितवाड़ी के निकट सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। संतोष और अभिषेक छिटककर सड़क पर जा गिरे। इसके बाद डंपर दोनों के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

शादी की तैयारियां कर रहे थे परिजन

जानकारी के मुताबिक टिहरी गढ़वाल के निवाल बूढ़ाकेदार गांव निवासी संतोष प्रसाद सेना में जवान थे। वह एक महीने की छुट्टी बीता कर वापस जा रहे थे। संतोष लद्दाख के लेह में तैनात थे। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ही संतोष की सगाई हुई थी। उनका बड़ा भाई कैलाश भी सेना में है। वह इस समय पुणे में ट्रेनिंग ले रहा है। भाई को छुट्टी नहीं मिलने के कारण संतोष ने शादी कुछ समय के लिए टाल दी थी। कैलाश को दिसंबर में ट्रेनिंग पूरी करने के बाद घर आना था और इसके बाद शादी की तारीख तय होनी थी। वहीं संतोष की मौसी के बेटे अभिषेक की भी दुर्घटना में मौत हो गई। अभिषेक इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर चुका था। आज दोनों मृतकों के शवों का हरिद्वार में अंतिम संस्कार किया जाएगा।