Site icon Khabribox

उत्तराखंड: दो सगे भाईयों ने साधु का वेश बनाकर लोगों को ठगा, गिरफ्तार

देहरादून: पुलिस ने शहर में ठगी की घटनाओं को अंजाम दे रहे दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। दोनों भाई साधु का वेश रखकर लोगों को लूटते थे। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों को खंगालकर मुखबिरों की सूचना के आधार पर दोनों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

यह है पूरा मामला

डबल सिंह रावत निवासी यमकेश्वर ने थाना ऋषिकेश में तहरीर देकर बताया कि दो लोगों ने डॉक्टर का पता पूछने के नाम पर उन्हें रोका। उनमें से एक ने खुद को वृंदावन का पंडित बताया और उन्हें झांसे में ले लिया। इसी दौरान दूसरा व्यक्ति उनका बैग लेकर भाग गया। बैग में 32 हजार रुपये और कागजात थे। साथ ही एक महिला ने भी करीब 2 महीने पहले पुलिस को तहरीर दी की दो व्यक्तियों ने झांसा देकर उनसे जेवरात और नकदी लूट लिए।

ऐसे हुई गिरफ्तारी

पुलिस ने मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। इसके साथ ही कैमरों में मिली फुटेज के आधार पर मुखबिरों को सक्रिय किया। गुरुवार शाम पुलिस को सूचना मिली कि दो संदिग्ध बस अड्डे के पीछे की तरफ देखे गए हैं। पुलिस ने तुरंत छापामारी कर दोनों की तलाशी ली तो उनके पास से 33,500 रुपये नकद और डबल सिंह रावत का आधार कार्ड बरामद हुआ। दोनों ठगों की पहचान अमजद अंसारी और कबीर अंसारी निवासी जिला गोड्डा, झारखंड के रूप में हुई। दोनों सगे भाई हैं। पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया है।

Exit mobile version