Site icon Khabribox

उत्तराखंड: UKSSSC: श्रेष्ठता सूची में ‘Explore Gyan’ और ‘UKUL’ नाम आने पर आयोग की सफाई, आयोग ने बताया पूरा सच

उत्तराखंड: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक भ्रामक सूचना पर अपनी स्थिति स्पष्ट की है।

देखें यह जानकारी

वाहन चालक और प्रवर्तन चालक भर्ती की औपबंधिक श्रेष्ठता सूची में ‘Explore Gyan’ और ‘UKUL’ जैसे अजीबोगरीब नाम सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर सवाल उठ रहे थे। इस मामले में आयोग के अनु सचिव सुभाष चंद्र थपलियाल द्वारा एक आधिकारिक संवाद (पत्रांक 94/2026-27) जारी कर स्थिति साफ की गई है।‌ आयोग द्वारा विभिन्न विभागों के अंतर्गत वाहन चालक एवं प्रवर्तन चालक के रिक्त 75 पदों के लिए 31 मई, 2026 को लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी। इसके बाद 19 जून, 2026 को आयोग की वेबसाइट पर तकनीकी परीक्षा (ड्राइविंग टेस्ट) के लिए चयनित अभ्यर्थियों की औपबंधिक श्रेष्ठता सूची जारी की गई। इस सूची में दो अभ्यर्थियों के नाम ‘Explore Gyan’ और ‘UKUL’ दर्ज थे, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह के दावे और चर्चाएं शुरू हो गईं।

​आयोग ने कहीं यह बात

​आयोग ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन आवेदन पत्र भरते समय अभ्यर्थियों द्वारा खुद अपना विवरण और सूचनाएं दर्ज की जाती हैं। संबंधित अभ्यर्थियों ने अपने आवेदन पत्र में ‘Candidate’s Name’ (अभ्यर्थी का नाम) के कॉलम में खुद ही ‘Explore Gyan’ और ‘UKUL’ अंकित किया था। चूंकि ऑनलाइन प्रणाली अंकों की श्रेष्ठता के आधार पर सूची तैयार करती है, इसलिए उनके अच्छे नंबर होने के कारण उनका नाम इस सूची में शामिल हो गया।

दी यह चेतावनी

​आयोग ने इस मामले में अभ्यर्थियों को सख्त लहजे में चेतावनी दी है। आगामी चरणों यानी वाहन चालन दक्षता परीक्षा और अभिलेख सत्यापन (Document Verification) के दौरान आवेदन पत्र में दर्ज विवरणों का मिलान अभ्यर्थियों के मूल दस्तावेजों से किया जाएगा।‌ यदि जांच के दौरान नाम या अन्य किसी विवरण में भिन्नता पाई जाती है या अभ्यर्थी द्वारा दी गई सूचना भ्रामक या फर्जी निकलती है, तो उसका अभ्यर्थन तुरंत निरस्त कर दिया जाएगा। गलत जानकारी देकर आयोग को गुमराह करने वाले ऐसे अभ्यर्थियों को न सिर्फ बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा, बल्कि उन्हें आगामी परीक्षाओं के लिए भी प्रतिबंधित किया जा सकता है।

Exit mobile version