Site icon Khabribox

उत्तराखंड: UKSSSC VDO भर्ती घोटाला: ED की बड़ी कार्रवाई, पूर्व सचिव के घर से मिला इतने लाख कैश व सोने के सिक्के

उत्तराखंड: उत्तराखंड में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की ग्राम पंचायत विकास अधिकारी (VDO) भर्ती परीक्षा-2016 में हुई धांधली और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में आज शुक्रवार को देहरादून स्थित कई ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की।

ईडी की छापेमारी

जिसमें ED ने यह कार्रवाई उत्तराखंड विजिलेंस में दर्ज प्राथमिकियों (FIR) के आधार पर की। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ED ने तत्कालीन आयोग अध्यक्ष, सचिव, परीक्षा नियंत्रक और निजी कंप्यूटर एजेंसी के मालिकों व कर्मचारियों के ठिकानों की तलाशी ली। रिपोर्ट्स के मुताबिक जांच एजेंसी के अनुसार, तत्कालीन UKSSSC सचिव चंदन सिंह जीना के वर्तमान आवास से करीब 1.28 करोड़ रुपये की चल संपत्तियां और नकदी बरामद/फ्रीज की गई हैं।
• ​32 लाख रुपये की अघोषित नकदी बरामद।
• ​200.5 ग्राम सोना (193 सोने के सिक्के और 7 सोने की चेन)।
• ​52.16 लाख रुपये का बैंक बैलेंस फ्रीज (मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट की धारा 17(1A) के तहत)।
• ​12 लग्जरी घड़ियां (रौलेक्स, राडो, पियाजे, मोवाडो और टिसोट जैसे ब्रांड्स की), जिनका अलग से मूल्यांकन किया जा रहा है।
• ​डिजिटल साक्ष्यों की जांच के लिए मोबाइल फोन जब्त कर फोरेंसिक लैब भेजा गया।

OMR शीट से खिलवाड़

​रिपोर्ट्स के मुताबिक ED की जांच में सामने आया कि आयोग की सुरक्षित कस्टडी में रखी OMR शीट को कथित तौर पर तत्कालीन सचिव के निजी आवास तक पहुंचाया जाता था। वहां खाली छोड़ी गई OMR शीट को निजी कंप्यूटर एजेंसी के कर्मचारियों को सौंपा गया, जिन्होंने उत्तरों के खाली गोलों (OVALS) को भरा और दोबारा सील कर दिया। इसके बदले अवैध रूप से भारी धनराशि का लेन-देन किया गया।

पूर्व ओएसडी का परिसर भी जांच के दायरे में

​ED ने वर्ष 2014 से 2017 के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री के OSD रहे हरीश सिंह रावत से जुड़े परिसरों की भी तलाशी ली। हालांकि, आधिकारिक प्रेस रिलीज में उन्हें सीधे तौर पर आरोपी नहीं बताया गया है। वहीं एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि VDO परीक्षा-2016 में OMR शीट में हेरफेर और इससे जुड़े वित्तीय लेन-देन की गहन जांच जारी है।

Exit mobile version