Site icon Khabribox

उत्तराखंड: प्रत्येक विकासखंड में उपलब्ध कराई जाएगी अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे मशीन, रेडियोलॉजिस्ट और एक्स-रे तकनीशियनों की भी तैनाती

Doctor examine MRI picture. Medical equipment. Medical background

उत्तराखंड से जुड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड में अब सरकार प्रत्येक विकासखंड में अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे मशीन उपलब्ध कराएगी।

दिए जरूरी निर्देश

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस‌ संबंध में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने बीते शनिवार को विभागीय अधिकारियों को छह माह के भीतर ब्लॉक स्तर तक इन सुविधाओं को पहुंचाने का लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की विषम भौगोलिक परिस्थितियों और मरीजों की समस्याओं को देखते हुए विकासखंड स्तर पर अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे की सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए सभी जिलों के मुख्य चिकित्साधिकारियों को उप जिला चिकित्सालयों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में मशीनें स्थापित करने के प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही चिकित्सा इकाइयों में रेडियोलॉजिस्ट और एक्स-रे तकनीशियनों की तैनाती भी की जाएगी।

दी यह जानकारी

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि वर्तमान में राज्य के 95 विकासखंडों में 84 एक्स-रे मशीन और 47 अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध हैं। इनमें अल्मोड़ा और नैनीताल में 8-8, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग और चम्पावत में 3-3, चमोली, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ में 7-7, देहरादून, हरिद्वार और उत्तरकाशी में 6-6, पौड़ी में 11 तथा टिहरी में 9 एक्स-रे मशीनें कार्यरत हैं। इसी प्रकार अल्मोड़ा और नैनीताल के विभिन्न विकासखंडों में 3-3 अल्ट्रासाउंड मशीनें हैं, जबकि पौड़ी और ऊधमसिंह नगर में 6-6, चमोली, टिहरी और पिथौरागढ़ में 5-5, उत्तरकाशी और देहरादून में 4-4, चम्पावत और रुद्रप्रयाग में 2-2 तथा बागेश्वर और हरिद्वार में 1-1 अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध हैं। बताया कि जिन विकासखंडों में अभी ये सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर मशीनें स्थापित की जाएंगी।

Exit mobile version