उत्तराखंड: उत्तराखंड के शहरों को प्लास्टिक प्रदूषण से मुक्ति दिलाने के लिए सरकार और हैदराबाद की एक रिसाइकिल कंपनी ने हाथ मिलाया है। इसके तहत स्वच्छ भारत मिशन के तहत ‘सबका साथ, स्वच्छ उत्तराखंड’ थीम पर एक बेहद अनोखी मुहिम शुरू की गई है।
खास पहल की शुरुआत
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसके तहत अगर आप खाली प्लास्टिक की बोतलें, चिप्स के पैकेट, कोल्ड ड्रिंक की केन या टेट्रा पैक वापस करते हैं, तो आपको प्रति आइटम दो रुपये का कैश रिफंड मिलेगा। सड़कों पर कचरा फेंकने की आदत को बदलने के लिए फिलहाल इस योजना का ट्रायल (डेमो) कुमाऊं के तीन प्रमुख क्षेत्रों में किया जा रहा है। जिसमें हल्द्वानी (यहाँ नगर निगम के आगे स्टाल लगाया गया है, जो अगले 20 से 25 दिनों तक रहेगा), भीमताल, रामनगर (कॉर्बेट नेशनल पार्क) शामिल हैं।
कैसे मिलेंगे खाते में पैसे
स्टाल पर तैनात कर्मचारियों के मुताबिक, इस पूरी प्रक्रिया को बेहद आधुनिक और पारदर्शी बनाया गया है। जिसमें उपभोक्ता द्वारा कचरा (प्लास्टिक वस्तु/पैकेट) वापस करने पर उस पर एक ‘रिटर्न अर्न रिसाइकल’ का क्यूआर (QR) कोड लगाया जाता है। इसके बाद हैंड स्कैनिंग डिवाइस से उस कोड को स्कैन किया जाता है। स्कैन होते ही उपभोक्ता के बैंक खाते में ₹2 की रिफंड राशि ट्रांसफर कर दी जाती है।