उत्तराखंड: देहरादून वारियर्स ने शानदार और संतुलित प्रदर्शन के दम पर उत्तराखंड प्रीमियर लीग (UPL) के महिला वर्ग का खिताब जीत लिया है।
जीता मुकाबला
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में देहरादून वारियर्स ने मसूरी क्वींस को 15 रन से हराया और ट्रॉफी जीती।
नीलम भारद्वाज को ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ के साथ-साथ ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ के खिताब से भी सम्मानित किया गया। टॉस जीतकर मसूरी क्वींस ने देहरादून वारियर्स को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। देहरादून की शुरुआत बेहद खराब रही और कप्तान स्वेता मोहन वर्मा बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गईं। इसके बाद नीलम भारद्वाज ने कर्री (15 रन) के साथ मिलकर पारी को संभाला। नीलम ने 46 गेंदों में 5 चौके और 1 छक्के की मदद से 48 रनों की बेहद महत्वपूर्ण पारी खेली। मध्यक्रम में प्रीति भंडारी ने महज 17 गेंदों पर 26 रन की ताबड़तोड़ पारी खेलकर टीम के स्कोर को गति दी। अंतिम ओवरों में तारा बिष्ट और मीनाक्षी के उपयोगी योगदान की बदौलत देहरादून वारियर्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर 115 रन बनाए। मसूरी क्वींस की ओर से पूजा राज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट चटकाए। 116 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मसूरी क्वींस की शुरुआत सामान्य रहीं। टीम की ओर से कप्तान नंदिनी कश्यप (20 रन) और गरिमा वशिष्ठ (20 रन) ने जुझारू खेल दिखाया, जबकि दीपिका चंद 23 रन बनाकर नाबाद रहीं। हालांकि, देहरादून के कसे हुए गेंदबाजी आक्रमण के सामने मसूरी के बल्लेबाज खुलकर नहीं खेल सके और टीम 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 100 रन ही बना सकी। जिस्म देहरादून ने 15 रन से मुकाबला जीतकर UPL महिला ट्रॉफी अपने नाम कर ली।