Site icon Khabribox

उत्तराखंड: प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली के विरोध में उत्तराखंड कांग्रेस का ‘छात्रों की गूंज’ अभियान, प्रदेश भर में होगा बड़ा आंदोलन

उत्तराखंड: उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने देश भर में प्रतियोगी परीक्षाओं में हो रही धांधली और अनियमितताओं के खिलाफ एक बड़े राज्यव्यापी आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है।

चलेगा यह अभियान

जिस पर प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के निर्देश पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मार्गदर्शन में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य युवाओं और छात्रों के भविष्य की रक्षा करना है। इस आंदोलन को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सदस्य इशिता सेढ़ा के नेतृत्व में एक समन्वय समिति का गठन किया गया है। यह समिति एनएसयूआई (NSUI), यूथ कांग्रेस और महिला कांग्रेस के साथ मिलकर समन्वय स्थापित करेगी और कार्यक्रमों को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करेगी।

आंदोलन की रूपरेखा:

कांग्रेस द्वारा जारी विस्तृत कार्यक्रम के अनुसार, प्रदेश भर में विरोध प्रदर्शनों का एक सिलसिला शुरू किया जाएगा।
• ​जिला स्तर: जिलाध्यक्षों द्वारा प्रेस वार्ता आयोजित की जाएगी और सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों को एकजुट किया जाएगा।
• ​ब्लॉक स्तर: ब्लॉक/नगर कांग्रेस कमेटी, सेवा दल और अन्य प्रकोष्ठ एक दिवसीय धरना देंगे और जिलाधिकारी/उपजिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन प्रेषित करेंगे।
• ​युवा और छात्र शक्ति: एनएसयूआई ‘हस्ताक्षर अभियान’ एवं ‘छात्र युवा संवाद’ आयोजित करेगी, जबकि युवा कांग्रेस ‘पोस्टर अभियान’ के साथ गांव-गांव जाकर चौपालों के जरिए बेरोजगार युवाओं से संपर्क करेगी।
• ​महिला सशक्तिकरण: महिला कांग्रेस छात्रों के भविष्य को लेकर अभिभावकों, विशेषकर माताओं और बहनों के साथ चर्चा करेगी।
• ​डिजिटल कैंपेन: सोशल मीडिया टीम ‘छात्रों की गूंज’ अभियान को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर सक्रिय करेगी और सभी कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करेगी।


कांग्रेस का यह संकल्प

प्रदेश कांग्रेस ने इसे केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम न मानकर बच्चों के भविष्य से जुड़ा एक महत्वपूर्ण मुद्दा बताया है। सभी जिला और महानगर अध्यक्षों को निर्देश दिए गए हैं कि वे इस कार्यक्रम को सफल बनाएं और पूरी रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को उपलब्ध कराएं।

Exit mobile version