उत्तराखंड: उत्तराखंड ने शिक्षा के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जिस पर राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) द्वारा विकसित ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित शिक्षक प्रशिक्षण’ मॉडल ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्तराखंड को गौरवान्वित किया है।
जिनेवा में मिली वैश्विक सराहना
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जिनेवा में आयोजित प्रतिष्ठित ‘एआई फॉर गुड ग्लोबल समिट-2026’ में उत्तराखंड के इस डिजिटल मॉडल को दुनिया भर से आई 630 परियोजनाओं में से शीर्ष 6 नवाचारों में चुना गया। इस समिट में 47 देशों और छह महाद्वीपों के प्रतिनिधि शामिल हुए थे, जहाँ उत्तराखंड के इस अनूठे मॉडल की जमकर सराहना की गई। अब एक सितंबर से यह मॉडल यूनेस्को के ‘वैश्विक सशक्तीकरण कार्यक्रम’ (Global Empowerment Program) के तहत अन्य देशों के साथ साझा किया जाएगा। इस उपलब्धि का श्रेय एससीईआरटी की निदेशक वंदना गर्ब्याल, एआई समन्वयक रमेश बडोनी और उनकी समर्पित टीम को जाता है।
जानें क्या है उत्तराखंड का ‘डिजिटल मॉडल’
यह परियोजना ‘कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं सूचना-संचार प्रौद्योगिकी (ICT) समर्थित व्यापक ऑनलाइन पाठ्यक्रमों’ पर आधारित है।
• ई-सृजन एआई संवाद सहायक: प्रशिक्षण को सरल और प्रभावी बनाने के लिए एआई का उपयोग।
• रियल टाइम निगरानी: विद्या समीक्षा केंद्र के माध्यम से प्रशिक्षण की सीधी मॉनिटरिंग।
• केंद्रीकृत डैशबोर्ड: पूरे प्रशिक्षण प्रबंधन का एक ही स्थान से सुव्यवस्थित संचालन।
• कम लागत, उच्च प्रभाव: सीमित संसाधनों और बजट में तैयार किया गया यह मॉडल आज दुनिया के लिए एक उदाहरण बन गया है।