मई का महीना चल रहा है। मौसम में बदलाव जारी है। पहाड़ों से लेकर मैदानों तक मौसम में बदलाव दिख रहा है।
उत्तराखंड में आज का मौसम
उत्तराखंड के कई हिस्सों में लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। उत्तराखंड के मैदानी इलाकों खासकर देहरादून, हरिद्वार, उधम सिंह नगर और हल्द्वानी में भयंकर गर्मी का प्रकोप जारी है। तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। गर्मी के तीखे तेवरों पर मौसम विभाग ने आज मंगलवार को मैदानी क्षेत्रों में भीषण हीट वेव (लू) चलने का अलर्ट जारी किया है। मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर के मुताबिक, मैदानी इलाकों में जहां झुलसाने वाली गर्मी पड़ेगी, वहीं पर्वतीय जिलों को कुछ राहत मिल सकती है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। साथ ही 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी के भी आसार हैं। इसके अलावा, अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने और आकाशीय बिजली चमकने की चेतावनी दी गई है। साथ ही आज और 27 मई को भी उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गर्जन की संभावना बनी रहेगी। मौसम विभाग की भविष्यवाणी है कि 28 मई से 30 मई तक उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में बारिश का दौर जारी रहेगा। हालांकि 30 मई को देहरादून और कुछ मैदानी जिलों में हल्की बारिश की बौछारों की संभावना जताई गई है।
अल्मोड़ा में आज का मौसम
अल्मोड़ा में आज धूप रहने के आसार हैं। गर्मी में अब तेजी से इजाफा होने लगा है।