Site icon Khabribox

पीएम नरेंद्र मोदी को मिले उपहारों की ई-नीलामी में चमकी उत्तराखंड की आध्यात्मिक विरासत, चारधाम के मॉडल और बैडमिंटन स्टार लक्ष्य सेन का रैकेट भी शामिल

​उत्तराखंड: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिले स्मृति चिह्नों (उपहारों) की 8वीं ई-नीलामी में इस बार देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत की छाप देखने को मिल रही है।

समय सीमा बढ़ी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस ई-नीलामी संग्रह में उत्तराखंड से जुड़े 27 विशेष स्मृति चिह्न शामिल किए गए हैं, जो राज्य के प्रसिद्ध मंदिरों, धार्मिक परंपराओं, लोककला और क्षेत्रीय पहचान को उजागर करते हैं। संस्कृति मंत्रालय द्वारा आयोजित इस ई-नीलामी की समय-सीमा को बढ़ाकर अब 31 अक्टूबर कर दिया गया है। इस नीलामी से प्राप्त होने वाली पूरी धनराशि का उपयोग पवित्र गंगा नदी के संरक्षण के लिए ‘नमामि गंगे’ कार्यक्रम में किया जाएगा।
​चारधाम के मॉडल संग्रह में शामिल

इसमें श्री केदारनाथ धाम के दो आकर्षक मॉडल, उखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर का एक मॉडल और मुखबा स्थित गंगा जी मंदिर का नक्काशीदार लकड़ी का मॉडल मुख्य आकर्षण हैं।उत्तराखंड की प्रसिद्ध पारंपरिक ऐपण कला से सजी दीवार घड़ी और मां दुर्गा की सुंदर कलाकृति संग्रह में मौजूद है। राज्य की क्षेत्रीय पहचान को दर्शाती सात पारंपरिक पहाड़ी टोपियों को भी नीलामी सूची में रखा गया है। अल्मोड़ा के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन का ऑटोग्राफ किया हुआ रैकेट भी इस नीलामी का हिस्सा है।

जानें कैसे ले सकते हैं नीलामी में भाग

यदि आप देवभूमि की इस सांस्कृतिक और आध्यात्मिक धरोहर को अपने संग्रह का हिस्सा बनाना चाहते हैं, तो संस्कृति मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट pmmementos.gov.in पर जाकर बोली (Bid) लगा सकते हैं।

Exit mobile version