Site icon Khabribox

उत्तरकाशी: ​सौम्य काशी में देव मिलन: सैकड़ों देवडोलियों के आगमन और कलश यात्रा से गूंज उठी शिवनगरी, महायज्ञ का आयोजन

​उत्तरकाशी: जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से सैकड़ों देवडोलियों के आगमन और भव्य कलश यात्रा के साथ बुधवार को सौम्य काशी उत्तरकाशी पूरी तरह भक्ति के रंग में रंग गई। पंचकुंडीय श्री लक्ष्मीनारायण गौ-गंगा प्रतिष्ठा महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ अवसर पर ढोल-दमाऊं, रणसिंघा और शंख की गूंज के बीच ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से समूची शिवनगरी गुंजायमान रही।

​मणिकर्णिका घाट पर स्नान और देवदर्शन

महोत्सव के पहले दिन आराध्य कंडार देवता, हरि महाराज, नगरी देवी माता सहित क्षेत्र की सैकड़ों देवडोलियों का भव्य स्वागत किया गया। देवडोलियों के आपसी मिलन के भावपूर्ण दृश्य को देखकर बड़ी संख्या में उमड़े श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। मणिकर्णिका घाट पर देवडोलियों के गंगा स्नान के पश्चात भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इसके बाद देवडोलियों ने भगवान काशी विश्वनाथ मंदिर, कंडार देवता मंदिर, भैरव मंदिर, गोपेश्वर मंदिर और हनुमान मंदिर में दर्शन किए।

​24 नवंबर तक चलेगा आयोजन

धार्मिक नगरी उत्तरकाशी में पहली बार 18 से 24 नवंबर 2026 तक इस महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। कथा व्यास पूज्य सूर्यकान्त बलूनी ने पहले दिन श्रीमद्भागवत कथा और महायज्ञ के महात्म्य पर प्रकाश डाला। आयोजन समिति के महासचिव भूपेश कुड़ियाल ने बताया कि विश्व शांति व जनकल्याण के लिए हो रहे इस अनुष्ठान में प्रतिदिन अपराह्न 2 से 4 बजे तक कथा वाचन और बद्री गाय की पूजा-सेवा की जाएगी। इसके साथ ही 23 नवंबर को पांच निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह संस्कार भी संपन्न कराया जाएगा।

​रहे उपस्थित

इस अवसर पर गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, मुख्यमंत्री के गढ़वाल मंडल समन्वयक किशोर भट्ट, राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त प्रताप पंवार, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण, पालिका अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, भटवाड़ी ब्लॉक प्रमुख ममता पंवार, डुंडा ब्लॉक प्रमुख राजदीप परमार, कथा समिति अध्यक्ष वैष्णव संत राघवानंद दास महाराज, कार्यकारी अध्यक्ष सूरतराम नौटियाल, मुख्य यजमान डॉ. हरिशंकर नौटियाल, पूर्व राज्यमंत्री घनानंद नौटियाल, आचार्य बुद्धिराम नौटियाल, डॉ. राधेश्याम खंडूरी, रामगोपाल पैन्यूली, डॉ. मुरली मनोहर भट्ट, मीडिया प्रभारी सुनील भट्ट सहित गायत्री परिवार और स्वागत समिति के अनेक पदाधिकारी व श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Exit mobile version