Site icon Khabribox

उत्तरकाशी: सामाजिक सरोकार की अनूठी मिसाल: प्रेस क्लब के पत्रकारों ने दिव्यांग बच्चों के साथ साझा की दीपावली की खुशियां, बांटी मिठाइयां

उत्तरकाशी: दिवाली का पर्व खुशियां बांटने और दूसरों के जीवन में रोशनी लाने का संदेश लेकर आता है। इसी भावना को चरितार्थ करते हुए प्रेस क्लब उत्तरकाशी के अध्यक्ष चिरंजीव सेमवाल के नेतृत्व में पत्रकारों की एक टीम ने रविवार को नौगांव विकासखंड के तुनाल्का स्थित परमार्थ विजय पब्लिक स्कूल दिव्यांग छात्रावास का दौरा किया।

बांटी मिठाइयां

इस दौरान पत्रकारों ने दिव्यांग छात्र-छात्राओं के साथ अनूठे अंदाज में दीपावली का पर्व मनाया। कार्यक्रम के दौरान प्रेस क्लब अध्यक्ष और उनके साथियों ने बच्चों को मिठाइयां बांटीं, जिसे पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे और उनके चेहरों पर अद्भुत उत्साह व मुस्कान देखने को मिली। पत्रकारों ने बच्चों से आत्मीय बातचीत कर उनका हालचाल जाना और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष चिरंजीव सेमवाल ने कहा कि त्योहारों की असली सार्थकता तभी है जब हम समाज के विशेष और जरूरतमंद बच्चों के साथ अपनी खुशियां साझा करें। दिव्यांग बच्चों के बीच यह दीवाली बिताना उनके लिए एक बेहद सुखद और आत्मीय अनुभव रहा। उन्होंने विद्यालय की प्रबंधक विजय लक्ष्मी जोशी, विरेंदर जोशी और अन्य सहयोगियों द्वारा दिव्यांग बच्चों की देखरेख, शिक्षा और उनके बेहतर भविष्य के लिए किए जा रहे समर्पित प्रयासों की भी जमकर सराहना की।
​
पेश की मिसाल

इस सराहनीय पहल के दौरान युवा पत्रकार गोपाल सिंह रावत, नमो भंडारी और जय प्रकाश सहित प्रेस क्लब के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे, जिन्होंने बच्चों के साथ समय बिताकर उन्हें पर्व की बधाई दी। प्रेस क्लब उत्तरकाशी की इस पहल ने समाज में एक मजबूत सामाजिक सरोकार और संवेदनशीलता की अनूठी मिसाल पेश की है।

Exit mobile version