Site icon Khabribox

उत्तरकाशी: निजी वाहनों पर अवैध नेम प्लेट लगाकर रौब झाड़ने वालों पर एक्शन, पुलिस ने 38 गाड़ियों से हटाईं पट्टियां

​उत्तरकाशी: उत्तरकाशी में खास संदेश के साथ पुलिस ने जिलेभर में विशेष वाहन चेकिंग और जागरूकता अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।

पुलिस का अभियान

इस अभियान के दौरान पुलिस ने निजी वाहनों पर अवैध रूप से नाम, पदनाम, सरकारी पहचान व अन्य चिन्ह लगाने वाले 38 वाहनों से अनधिकृत नेम प्लेट और स्टीकर हटवाए। जिसमें माननीय उच्च न्यायालय द्वारा निजी वाहनों पर अनधिकृत रूप से प्रदर्शित की जाने वाली नेम-प्लेटों, पदनाम पट्टिकाओं एवं अन्य पहचान चिन्हों के संबंध में दिए गए कड़े निर्देशों के अनुपालन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक (SP) श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में जिले की सभी कोतवाली और थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने कार, जीप, मोटरसाइकिल सहित विभिन्न निजी वाहनों की सघन चेकिंग की।
​38 वाहनों से हटाए गए बोर्ड

​चेकिंग के दौरान 38 निजी वाहनों पर लगे अनधिकृत नेम-प्लेट, पदनाम पट्टियां, सरकारी पद और विशेष पहचान दर्शाने वाले स्टीकर व बोर्ड हटाकर जब्त किए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि बिना अधिकृत अनुमति के अपने निजी वाहनों पर किसी भी सरकारी पद, संस्था या पहचान को प्रदर्शित करना नियमों के खिलाफ है। अभियान के दौरान पुलिस ने वाहन स्वामियों को जागरूक करते हुए सख्त चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसे अनधिकृत चिन्हों का प्रयोग न करें।

Exit mobile version