Site icon Khabribox

उत्तरकाशी: गंगोत्री-गौमुख ट्रैक का एडीजी मुरुगेशन ने किया औचक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, दुर्गम चौकी भोजवासा पहुँच बढ़ाया जवानों का हौसला

​उत्तरकाशी: उत्तराखंड के अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ. वी मुरुगेशन ने अपने तीन दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान गंगोत्री धाम यात्रा मार्ग और दुर्गम गौमुख ट्रैक का स्थलीय निरीक्षण किया।

किया स्थलीय निरीक्षण

इस दौरान उन्होंने पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की। जानकारी के अनुसार गंगोत्री धाम स्थित पुलिस चौकी का भौतिक निरीक्षण करते हुए एडीजी ने अभिलेखों और साफ-सफाई का अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर तैनात पुलिस, फायर और एसडीआरएफ (SDRF) के जवानों को निर्देश दिए कि धाम में आने वाले श्रद्धालुओं को अनुशासित और कतारबद्ध तरीके से दर्शन कराएं। भागीरथी नदी के घाटों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतें। श्रद्धालुओं व पर्यटकों के साथ सदैव विनम्र और सहयोगात्मक व्यवहार रखें।

​ड्रोन से रखी जाएगी नजर

​एडीजी ने पार्किंग स्थलों और धाम क्षेत्र में सुरक्षा को और पुख्ता करने के लिए सीसीटीवी कैमरों तथा ड्रोन के जरिए लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही भीड़ बढ़ने की स्थिति में पूर्व नियोजित ट्रैफिक डायवर्जन लागू करने को कहा, ताकि यातायात सुचारू बना रहे। गौमुख ट्रैक पर स्थित अति-दुर्गम पुलिस चौकी भोजवासा पहुंचकर एडीजी ने जवानों के रहने, खाने और अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने विपरीत भौगोलिक परिस्थितियों और भीषण ठंड के बीच मुस्तैदी से ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों की समस्याओं को सुना और उनका उत्साहवर्धन किया। एडीजी डॉ. वी मुरुगेशन ने कहा कि चारधाम यात्रा और गौमुख जैसे संवेदनशील व प्रमुख धार्मिक-पर्यटन स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और बेहतर पुलिस प्रबंधन राज्य पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

रहें उपस्थित

​निरीक्षण के दौरान पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार, हर्षिल के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप तोमर, गंगोत्री चौकी प्रभारी प्रमोद उनियाल और वीरेंद्र पंवार सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version