Site icon Khabribox

उत्तरकाशी: नशा मुक्त भारत अभियान की वर्षगांठ पर करियर काउंसलिंग गोष्ठी का आयोजन, डीएम बोले—’नशा लक्ष्यों का बाधक, शिक्षा और अनुशासन सफलता की कुंजी’

​उत्तरकाशी: राज्य स्थापना वर्ष 2026 के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रमों के क्रम में, ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ की छठवीं वर्षगांठ पर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय उत्तरकाशी के ऑडिटोरियम हॉल में एक भव्य करियर काउंसलिंग एवं संवाद गोष्ठी का आयोजन किया गया।

गोष्ठी का आयोजन

इस कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने और अपने जीवन के लक्ष्यों के प्रति गंभीर रहने का संदेश दिया। इस मौके पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति को उसके सपनों और मंजिल से दूर ले जाता है, जबकि शिक्षा, संकल्प और सही मार्गदर्शन सफलता के द्वार खोलते हैं। उन्होंने कहा कि जीवन में शिक्षा और अनुशासन ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी हैं। सफलता हासिल करने के लिए स्वयं को समझना, स्पष्ट लक्ष्य तय करना, समय का सदुपयोग, निरंतर सीखने की प्रवृत्ति, आत्मविश्वास और धैर्य बेहद जरूरी हैं।

​विभिन्न क्षेत्रों में करियर की मिली जानकारी

गोष्ठी के दौरान विशेषज्ञों और अधिकारियों ने विद्यार्थियों को सिविल सेवा (IAS/PCS), भारतीय सेना, स्वास्थ्य, शिक्षा, वन, खेल और संगीत जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध करियर संभावनाओं और उनकी तैयारी के रोडमैप से अवगत कराया।

किया सम्मानित

​कार्यक्रम के संवाद सत्र के दौरान महाविद्यालय के विद्यार्थियों—सरण्य थपलियाल, कुमुद पंवार और केशव नौटियाल ने अधिकारियों के सामने अपनी जिज्ञासाएं रखीं। महाविद्यालय के प्राचार्य पंकज पंत ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को मेडल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

Exit mobile version