Site icon Khabribox

उत्तरकाशी: चिन्यालीसौड़ में ‘हिमालयन भोजनालय’ का मुख्य सचिव ने किया शुभारंभ, महिला समूहों की आत्मनिर्भरता को सराहा

​उत्तरकाशी: ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना (रीप) के तहत गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर विकासखंड चिन्यालीसौड़ के नगुण बैरियर के समीप स्थापित वे-साइड ईटरी का शुक्रवार को मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने विधिवत उद्घाटन किया।

किया उद्घाटन

जानकारी के अनुसार ‘हिमालयन भोजनालय’ के नाम से शुरू किए गए इस केंद्र का संचालन स्थानीय सीता स्वयं सहायता समूह की महिलाएं कर रही हैं। उद्घाटन के पश्चात मुख्य सचिव ने समूह की महिलाओं से सीधा संवाद कर उनके व्यवसाय की बारीकियों और आय के स्रोतों की जानकारी ली। समूह की महिलाओं ने बताया कि गंगोत्री हाईवे पर पुलिस बैरियर के पास स्थित होने के कारण यहां यात्रियों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। इसके अलावा, पास में ही पार्क होने से शाम को टहलने आने वाले स्थानीय नागरिक भी यहां पारंपरिक भोजन और स्नैक्स का स्वाद लेने पहुंचते हैं, जिससे उन्हें नियमित और अच्छी आमदनी हो रही है। महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि रीप परियोजना की तकनीकी मदद और बैंक ऋण की सुविधा मिलने से वे इस व्यवसाय को खड़ा करने में सफल रहीं। अब भोजनालय की लोकप्रियता बढ़ने से उन्हें बड़े आयोजनों और समारोहों के लिए भी कैटरिंग के ऑर्डर मिलने लगे हैं, जिससे वे आर्थिक रूप से स्वावलंबी बन रही हैं।
​

प्रयासों की सराहना

इस मौके पर रीप के परियोजना प्रबंधक ने बताया कि यात्रियों को स्वच्छ एवं पारंपरिक पहाड़ी व्यंजन उपलब्ध कराने और महिला समूहों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए प्रदेश भर में एकरूप पहचान के साथ ‘हिमालयन भोजनालय’ विकसित किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा भी ऐसे उद्यमों को बढ़ावा देने के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराए जा रहे हैं। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार मातृशक्ति को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आजीविका के नए अवसर प्रदान कर आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।

रहें मौजूद

कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, मुख्य विकास अधिकारी राहुल आनंद, डीडीओ वेद प्रकाश, रीप के डीपीएम कपिल उपाध्याय सहित कई अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं मौजूद रहीं।

Exit mobile version