उत्तरकाशी: जिला अस्पताल में भर्ती गंभीर रूप से बीमार एक मरीज की जान बचाने के लिए जिला प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल हेली एंबुलेंस की व्यवस्था की।
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग का जताया आभार
जिससे मरीज को बेहतर इलाज के लिए देहरादून स्थित दून अस्पताल भेजा गया है। जानकारी के अनुसार भटवाड़ी विकास खंड के ग्राम पाही मल्ला निवासी 55 वर्षीय मदन सिंह पुत्र प्रीति सिंह गुर्दे (किडनी) की गंभीर बीमारी और अनियंत्रित शुगर से पीड़ित हैं। जिस पर हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें जिला अस्पताल उत्तरकाशी में भर्ती कराया था। मरीज की अति-गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें तुरंत किसी बड़े चिकित्सा संस्थान (हायर सेंटर) रेफर करने की सलाह दी। चिकित्सकों की सलाह पर परिजनों ने जिला प्रशासन से मदद की गुहार लगाते हुए हेली एंबुलेंस उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जिला प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की और हेली एंबुलेंस का इंतजाम कराया। शाम 4:25 बजे मरीज को जोशियाड़ा हैलीपैड से हेलीकॉप्टर के जरिए देहरादून के लिए रवाना किया गया, जहां से उन्हें दून अस्पताल में भर्ती कराया गया है।