Site icon Khabribox

उत्तरकाशी: भारी बारिश के अलर्ट पर उत्तरकाशी में आपदा तंत्र अलर्ट, डीएम खुद संभाल रहे मॉनिटरिंग की कमान

​उत्तरकाशी: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जिले के लिए जारी वर्षा के भारी अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।

अलर्ट मोड पर विभाग

जिस पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य स्वयं जिला आपदा कंट्रोल रूम में मौजूद रहकर संवेदनशील स्थानों की लाइव मॉनिटरिंग कर रहे हैं। प्रशासन ने राजस्व विभाग, पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ समेत आपदा प्रबंधन से जुड़ी सभी टीमों को हाई अलर्ट मोड पर रख दिया है। मौसम के मिजाज को देखते हुए चारधाम यात्रियों, पर्यटकों और ट्रैकर्स की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिलाधिकारी ने ट्रैकिंग पर गए तथा बेस कैंपों में ठहरे ट्रैकर्स की सुरक्षा के लिए सभी जरूरी इंतजाम करने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय बनाकर आवश्यकतानुसार रेस्क्यू अभियान चलाकर ट्रैकर्स को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने को कहा है।

​स्वास्थ्य व्यवस्था और आपात इंतजाम मजबूत

चारधाम यात्रियों और पर्यटकों की सुरक्षा के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग को हर्षिल में दो एंबुलेंस और मेडिकल टीम तैनात रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जिला अस्पताल में भी डॉक्टर्स और मेडिकल स्टाफ को अलर्ट रखा गया है। उपजिलाधिकारियों और विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मुस्तैद रहने, बंद सड़कों को तुरंत खोलने के लिए जेसीबी मशीनें, राशन, दवाइयां और वैकल्पिक संचार व्यवस्था तैयार रखने के निर्देश जारी किए गए हैं।

​अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील

अतिवृष्टि से भूस्खलन, सड़कों के बंद होने और नदियों के बढ़ते जलस्तर की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने आम जनता और यात्रियों से अनावश्यक यात्रा न करने की अपील की है। लोगों को नदियों और बरसाती नालों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।

हेल्पलाइन नंबर जारी

किसी भी आपात स्थिति में जिला आपदा परिचालन केंद्र के हेल्पलाइन नंबर 01374-222722 या मोबाइल नंबर 7310913129 पर तुरंत सूचना दी जा सकती है।

रहें उपस्थित

​इस दौरान कंट्रोल रूम में सीएमओ डॉ. श्याम विजय, उपजिलाधिकारी शालिनी नेगी, सीओ चंचल शर्मा, डीएसओ आशीष कुमार, डीडीएमओ शार्दूल गुसाईं सहित एनडीआरएफ व एसडीआरएफ के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version