Site icon Khabribox

उत्तरकाशी: डीएम प्रशांत आर्य ने यमुनोत्री धाम का किया स्थलीय निरीक्षण, पैदल मार्ग, स्वास्थ्य और सफाई व्यवस्थाओं का लिया जायजा

उत्तरकाशी: जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने अपने दो दिवसीय भ्रमण के दौरान रविवार को यमुनोत्री धाम पहुंचकर यात्रा मार्ग से लेकर मुख्य धाम तक की सभी व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।

दिए जरूरी निर्देश

उन्होंने मानसून के कारण प्रभावित हुए पैदल मार्ग और सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों को तत्काल मरम्मत व रखरखाव के कड़े निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जानकीचट्टी से यमुनोत्री तक लगभग 5 किलोमीटर लंबे पैदल यात्रा मार्ग का निरीक्षण करते हुए क्षतिग्रस्त रैलिंग और दीवारों की तुरंत मरम्मत कराने के लिए लोनिवि के अधीक्षण अभियंता को निर्देशित किया। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने जरूरी निर्देश जारी किए। जिसमें जिला पंचायत और सुलभ इंटरनेशनल को पैदल मार्ग से कूड़ा व लीद नियमित रूप से हटाने तथा शौचालयों में निरंतर जलापूर्ति और मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही, मंदिर प्रांगण के पास श्रद्धालुओं द्वारा छोड़ी जाने वाली साड़ियों के स्थाई निस्तारण और सफाई का प्रस्ताव तैयार करने के आदेश दिए। यात्रा मार्ग पर बने ‘फर्स्ट मेडिकल रिस्पॉन्डर’ स्वास्थ्य मित्र कैंपों के दरवाजे तत्काल बदलने और सभी चिकित्सा केंद्रों पर चिकित्सकों व आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला पंचायत (एएमए) को घोड़े-खच्चरों के लिए पैदल मार्ग पर चरी की नियमित सफाई और गर्म पानी की निर्बाध आपूर्ति व्यवस्था बनाए रखने का जिम्मा सौंपा गया। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुगम आवागमन के लिए स्यानाचट्टी, पालीगाड, सिलाईबैंड और औजारी जैसे संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त मशीनरी और कार्यबल तैनात रखने के निर्देश ईई एनएच को दिए गए।

रहें मौजूद

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने धाम में पेयजल, बिजली, चेंजिंग रूम और पुलिस चौकी की सुरक्षा व्यवस्थाओं को भी परखा। इसके बाद उन्होंने मंदिर समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर यात्रा से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की। इस अवसर पर एसडीएम बड़कोट बृजेश तिवारी, सीओ चंचल शर्मा, अधीक्षण अभियंता विजय कुमार और मंदिर समिति के सचिव सुनील उनियाल सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version