Site icon Khabribox

उत्तरकाशी: डीएम प्रशांत आर्य ने डख्याटगाँव में लगाई चौपाल, सुनीं जनसमस्याएं, 3 किमी सड़क की मांगी प्रगति रिपोर्ट

उत्तरकाशी: उत्तरकाशी के जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने अपने दो दिवसीय यमुना घाटी भ्रमण के दौरान विकासखंड नौगांव के डख्याटगाँव स्थित मंदिर प्रांगण में जनचौपाल का आयोजन किया।

लगाई जन चौपाल

इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के सख्त निर्देश दिए। चौपाल में ग्राम प्रधान विशाल सिंह ने गांव की इंफ्रास्ट्रक्चर, पेयजल, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं को जिलाधिकारी के समक्ष प्रमुखता से रखा। सड़क निर्माण में हो रही देरी पर कड़ा रुख अपनाते हुए डीएम ने डांडा गांव छानी से तटाऊ महाविद्यालय तक स्वीकृत 3 किलोमीटर लंबे मोटर मार्ग की अद्यतन स्थिति रिपोर्ट लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के अधिशासी अभियंता से तलब की है।

चौपाल में लिए गए प्रमुख निर्णय

प्राथमिक विद्यालय भवन की जर्जर स्थिति पर संज्ञान लेते हुए नए आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश बीडीओ नौगांव को दिए गए। ‘जल जीवन मिशन’ के तहत अधूरे पड़े कार्यों पर नाराजगी जताते हुए कार्यदायी संस्था को लंबित काम तुरंत पूरा करने की हिदायत दी। प्राथमिक विद्यालय परिसर में खेल मैदान के समतलीकरण और युवाओं के लिए खेल सामग्री उपलब्ध कराने हेतु अधिकारियों से कार्ययोजना मांगी गई। प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र लाभार्थियों के चयन में मिली अनियमितता की शिकायतों पर बीडीओ को पूरी सूची का पारदर्शी पुनर्सत्यापन (रिवेरिफिकेशन) करने का आदेश दिया।

2 वर्षीय बच्ची के इलाज के दिए निर्देश

चौपाल में एक महिला द्वारा अपनी दो वर्षीय बालिका ‘आराध्या’ की आंख की बीमारी का मुद्दा उठाए जाने पर डीएम ने संवेदनशीलता दिखाई। उन्होंने मौके पर मौजूद एसीएमओ को बच्ची का तत्काल स्वास्थ्य परीक्षण करने और बेहतर इलाज के लिए हर संभव सरकारी सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

रहें उपस्थित

इस जनचौपाल में नौगांव बीडीओ विजेंद्र चौहान, एसीएमओ रमेश चंद्र आर्य, स्वजल के पर्यावरण विशेषज्ञ प्रताप मटूडा और पीएम रीप के कपिल उपाध्याय समेत तमाम विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version