Site icon Khabribox

उत्तरकाशी: रवांई घाटी में इको-टूरिज्म को बढ़ावा, नौगाँव में मत्स्य विभाग का एंगलिंग मीट हुआ आयोजित

​बड़कोट (उत्तरकाशी): नौगाँव के बीट संख्या-7 स्थित सौली में सोमवार को मत्स्य विभाग द्वारा एंगलिंग मीट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य स्थानीय युवाओं को एंगलिंग गतिविधियों से जोड़कर रोजगार व स्वरोजगार के अवसर सृजित करना और क्षेत्र में साहसिक पर्यटन एवं इको-टूरिज्म को बढ़ावा देना रहा।
​

कार्यक्रम का आयोजन

इस कार्यक्रम के दौरान मत्स्य विभाग के अधिकारियों ने क्षेत्रवासियों और युवाओं से नदियों में अवैध मत्स्य आखेट रोकने तथा जलीय जैव विविधता के संरक्षण में आगे आने की अपील की। अधिकारियों ने एंगलिंग के समय ‘कैच एंड रिलीज’ (मछली पकड़कर पुनः नदी में छोड़ने) पद्धति अपनाने पर विशेष जोर दिया, ताकि मछलियों की प्रजातियों के संरक्षण के साथ नदी का प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र भी संतुलित बना रहे।‌ आयोजन में नौगाँव ब्लॉक प्रमुख सरोज पंवार ने स्वयं सहायता समूहों और मत्स्यजीवी सहकारी समितियों को एंगलिंग से जुड़े कार्य सुचारू रूप से चलाने के लिए एंगलिंग रॉड, फोल्डेबल चेयर, टेबल, लाइफ जैकेट और अन्य जरूरी सामग्री वितरित की। वहीं, प्रतिभागियों को बैज, टी-शर्ट और टोपी भी दी गई।
​
प्रतिभागियों ने किया प्रतिभाग

इस मौके पर आयोजित एंगलिंग प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। सबसे बड़ी मछली पकड़ने और सर्वाधिक मछलियों का कैच करने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया। इसका उद्देश्य युवाओं को जिम्मेदार एंगलिंग और संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम के दौरान रवांई घाटी सांस्कृतिक मंच के कलाकारों ने पारंपरिक मौण मेले की झलक दिखाते हुए लोकनृत्य प्रस्तुत किया, जो आकर्षण का केंद्र रहा। इस प्रस्तुति के माध्यम से जहां लोक संस्कृति को जीवंत किया गया, वहीं नई पीढ़ी को नदियों व जलीय जीवों के संरक्षण का संदेश भी दिया गया। मत्स्य विभाग ने बताया कि इच्छुक स्थानीय युवा और नागरिक विभाग से संपर्क कर चिह्नित एंगलिंग बीटों में तय नियमों के तहत गतिविधियां संचालित कर सकते हैं। इससे स्वरोजगार के नए रास्ते खुलने के साथ रवांई घाटी को इको-टूरिज्म के मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी।
​
रहें मौजूद

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य, जिला पूर्ति अधिकारी आशीष कुमार, सहायक निदेशक मत्स्य नीतीश कुमार, दुर्गा स्वयं सहायता समूह, यमुना मत्स्यजीवी सहकारी समिति, बर्नीगाड़ क्षेत्र के युवा मंगल दलों के सदस्य और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Exit mobile version