उत्तरकाशी: उत्तरकाशी में ‘पुलिस स्मृति दिवस’ के अवसर पर कर्तव्य पथ पर अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर पुलिस जवानों को पुलिस परिवार की ओर से भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
दी श्रद्धांजलि
पुलिस लाइन ज्ञानसू स्थित शहीद स्मारक पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने अमर शहीदों के बलिदान को याद किया। इस कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय द्वारा शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर नमन करने के साथ हुई। इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा सहित अन्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्मारक पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। वीर जवानों के सम्मान में उन्हें गार्ड ऑफ आॅनर्स (सलामी) दी गई तथा दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
शहीद के परिजनों को किया सम्मानित
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने शहीद पुलिसकर्मी स्व. गिरवीर रमोला के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। एसपी ने परिजनों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली और उन्हें भरोसा दिलाया कि उत्तराखंड पुलिस परिवार हर सुख-दुःख की घड़ी में उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ा है।
जिलेभर में दी गई श्रद्धांजलि
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस हमें उन वीर जवानों के त्याग, समर्पण और अदम्य साहस का स्मरण कराता है, जिन्होंने आंतरिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। मुख्य कार्यक्रम के अलावा उत्तरकाशी जिले के सभी कोतवाली, थानों और पुलिस चौकियों में भी प्रभारियों व पुलिसकर्मियों द्वारा शहीद जवानों को याद करते हुए पुष्प अर्पित किए गए।