Site icon Khabribox

उत्तरकाशी: राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का शुभारंभ, 87,685 बच्चों को ‘एल्बेंडाजोल’ दवा खिलाने का लक्ष्य

​उत्तरकाशी: जनपद में बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण स्तर को सुधारने के उद्देश्य से बुधवार को ‘राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस’ अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया।

अभियान का शुभारंभ

इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. श्याम विजय के दिशा-निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत जिलेभर में 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के कुल 87,685 बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को कृमिनाशक दवा खिलाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के पहले दिन जनपद की समस्त चिकित्सा इकाइयों में प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों ने बच्चों को कृमिनाशक दवा ‘एल्बेंडाजोल’ की खुराक पिलाई। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों और किशोर-किशोरियों को कृमि संक्रमण से सुरक्षित रखना तथा उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास को सुदृढ़ बनाना है। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) की टीमों और RKSK काउंसलर्स द्वारा विद्यालयों में जाकर बच्चों को दवा पिलाई गई। आशा कार्यकत्रियों के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों में भी निर्धारित आयु वर्ग के बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोलियां दी गईं। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस अभियान के तहत जनपद के 1,222 विद्यालयों और 1,031 आंगनबाड़ी केंद्रों को शामिल किया गया है, ताकि सुदूर क्षेत्रों तक के अधिक से अधिक बच्चों को इसका लाभ मिल सके।


​25 नवंबर को होगा ‘मॉप-अप डे’ का आयोजन

​मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय ने बताया कि अभियान के निर्धारित दिन जो बच्चे किसी कारणवश कृमिनाशक दवा खाने से वंचित रह गए हैं, उन्हें आगामी 25 नवंबर को आयोजित होने वाले ‘मॉप-अप दिवस’ पर दवा पिलाई जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों और विभागीय कार्मिकों को निर्देशित किया है कि वे पूरी सक्रियता के साथ अभियान का संचालन करें और शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करना सुनिश्चित करें।

Exit mobile version