Site icon Khabribox

उत्तरकाशी: पवाणी अग्निकांड: 39 प्रभावित परिवारों को बांटी गई राहत सामग्री, हेलिपैड भी तैयार, डीएम ने संभाली कमान

​उत्तरकाशी: मोरी तहसील के ग्राम पवाणी में हुए अग्निकांड से प्रभावित 39 परिवारों को प्रशासन की ओर से तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।

राहत सामग्री

इस घटना में 39 आवासीय भवन क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर उप जिलाधिकारी पुरोला सहित विभिन्न विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए गए। जिलाधिकारी स्वयं घटनास्थल पर रहकर राहत अभियान की निगरानी कर रहे हैं। प्रभावितों के लिए भोजन, ठहरने और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की व्यवस्था की गई है। गांव में सामुदायिक किचन शुरू कर भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है, जबकि प्राथमिक विद्यालय में स्टोर रूम तैयार कर उसे आश्रय (शेल्टर) के रूप में उपयोग करने की तैयारी की जा रही है। लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा गांव में अस्थायी हेलिपैड भी बनाया गया है।

​हवाई सर्वेक्षण और विभागों की तैनाती

राहत कार्यों में तेजी लाने के लिए पुलिस, राजस्व, एसडीआरएफ, आपदा प्रबंधन, पेयजल, विद्युत, पशुपालन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें तैनात की गई हैं। इसके साथ ही आपदा प्रबंधन मंत्री, राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष तथा आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव ने प्रभावित क्षेत्र का हेलीकॉप्टर से सर्वेक्षण किया।

​दी गई राहत

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, उत्तरकाशी की ओर से प्रभावित परिवारों को निम्नलिखित सामग्री उपलब्ध कराई गई है। जिसमें –
• ​कपड़े व बिस्तर: 123 कंबल, 100 जैकेट, 45 गमबूट, 50 गद्दे तथा 50 सेट बेडशीट, तकिया व कवर।
• ​आश्रय व रोशनी: 24 टेंट, 4 बड़े व रेडक्रॉस टेंट, 15 सोलर स्ट्रीट लाइट और 50 टॉर्च।
• ​रसोई व स्वच्छता: 12 बर्तन सेट, 45 सेट (पतीला, कढ़ाई, स्टील लोटा, टिफिन), 45 गैस चूल्हे, 45 बाल्टियां, 45 हाईजीन किट, 100 गिलास और 100 थालियां।
• ​राशन किट: 45 राशन किट भेजी गई हैं, जिनमें प्रत्येक में 20 किलोग्राम चावल के साथ आटा, तेल, नमक, चीनी और चाय आदि शामिल हैं।
• इसके अलावा तहसील मोरी की ओर से 15 तिरपाल तथा चावल, आटा, दाल, तेल, चीनी, चायपत्ती, साबुन, मसाले, नमक, आलू और सोयाबड़ी सहित अन्य खाद्य सामग्री वितरित की गई है। जिला प्रशासन ने अधिकारियों को प्रभावितों को हर संभव मदद पहुंचाने और राहत व पुनर्वास कार्यों की निरंतर निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।

Exit mobile version