Site icon Khabribox

उत्तरकाशी: भारी बर्फबारी के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, ऑडेन कोल और कालिंदी क्षेत्र से 38 ट्रेकर्स निकाले सुरक्षित

​उत्तरकाशी: उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पिछले 48 घंटों से हो रही भारी बर्फबारी के कारण ऑडेन कोल और कालिंदी पर्वत शृंखलाओं में फंसे ट्रेकर्स को सुरक्षित निकालने के लिए प्रशासन बड़े पैमाने पर रेस्क्यू अभियान चला रही है।

इतने ट्रेकर्स सुरक्षित निकाले

इसी क्रम में अब तक हेलीकॉप्टर के जरिए ऑडेन कोल क्षेत्र से 29 और कालिंदी पास से 9 ट्रेकर्स को सुरक्षित निकालकर हर्षिल लाया जा चुका है। जानकारी के अनुसार सोमवार को उत्तरकाशी के जिलाधिकारी (DM) प्रशांत आर्य ने स्वयं हर्षिल हेलीपैड पहुंचकर राहत व बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने मौके पर तैनात सेना, वायुसेना, एसडीआरएफ (SDRF), एनडीआरएफ (NDRF), पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग की संयुक्त टीमों से ट्रेकर्स की लोकेशन, मौसम की स्थिति और हवाई व पैदल अभियानों की विस्तृत जानकारी ली। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि रेस्क्यू होकर आ रहे ट्रेकर्स को तत्काल प्राथमिक उपचार, गर्म कपड़े और भोजन-पानी उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए हेलीपैड पर एम्बुलेंस और चिकित्सा दलों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। सभी ट्रेकर्स का हर्षिल में स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जहाँ उनकी स्थिति सामान्य पाई गई। प्राथमिक उपचार और जलपान के बाद उन्हें उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया है। अन्य बेस कैंपों में फंसे ट्रेकर्स को सुरक्षित निकालने के लिए हवाई और पैदल रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।
​
जारी रहेगा अभियान

​इस दौरान पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, एडीएम मुक्ता मिश्र सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मुस्तैद रहे। प्रशासन का कहना है कि जब तक अंतिम ट्रेकर को सुरक्षित नहीं निकाल लिया जाता, तब तक रेस्क्यू अभियान जारी रहेगा।

Exit mobile version