Site icon Khabribox

उत्तरकाशी: जनगणना-2027 की स्व-गणना प्रक्रिया शुरू, 30 नवंबर तक घर बैठे ऑनलाइन भर सकेंगे विवरण

​उत्तरकाशी: जनपद में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियों के तहत ‘स्व-गणना’ प्रक्रिया का शुभारंभ हो गया है। जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी प्रशांत आर्य तथा अपर जिलाधिकारी सह जिला जनगणना अधिकारी मुक्ता मिश्र ने इस अभियान की औपचारिक शुरुआत की।

अभियान की शुरुआत

इस दौरान आम जनता को जागरूक करने के लिए जिलाधिकारी ने एक विशेष एलईडी प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिला प्रशासन के अनुसार, नागरिक अपने परिवार से जुड़ी सभी आवश्यक जानकारी अब घर बैठे ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इसके लिए 16 नवंबर से 30 नवंबर तक (कुल 15 दिन) की अवधि निर्धारित की गई है। इच्छुक नागरिक भारत सरकार के आधिकारिक जनगणना पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार का पूरा विवरण स्वयं भर सकते हैं। इस पारदर्शी व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य जनगणना की प्रक्रिया को आम जनता के लिए बेहद सरल और सुविधाजनक बनाना है।

​आईडी को सुरक्षित रखना अनिवार्य

ऑनलाइन स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्येक परिवार को एक विशिष्ट स्व-गणना आईडी प्राप्त होगी। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस आईडी को पूरी तरह सुरक्षित संभालकर रखें। आगामी 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 के बीच जब जनगणना प्रगणक (Enumerator) घर-घर पहुंचेंगे, तब नागरिकों को यह आईडी उन्हें उपलब्ध करवानी होगी। प्रगणक इसी आईडी के जरिए ऑनलाइन दर्ज किए गए डेटा का सत्यापन करेंगे, जिससे आंकड़ों में उच्च स्तर की शुद्धता सुनिश्चित हो सकेगी। जो परिवार निर्धारित 16 से 30 नवंबर की समयावधि में किसी कारणवश स्व-गणना नहीं कर पाएंगे, उनकी जानकारी पारंपरिक रूप से जनगणना प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर दर्ज की जाएगी।
​
की यह अपील

जिला प्रशासन ने उत्तरकाशी के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे देश के इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं और समय रहते स्व-गणना की प्रक्रिया को पूरा कर सही आंकड़े जुटाने में सहयोग करें।

Exit mobile version