देश दुनिया की खबरों से हम आपको रूबरू कराते रहते हैं। एक ऐसी खबर हम आपके सामने लाए हैं। नेपाल में हालात चिंताजनक बने हुए हैं। नेपाल की राजधानी काठमांडू में हिंसक प्रदर्शन जारी है, जिसमें आगजनी, पथराव और तोड़-फोड़ की घटनाएं हो रही हैं।
नेपाल में हालात चिंताजनक
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक नेपाल में GEN-Z के हिंसक प्रर्दशनों के बाद प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। राष्ट्रपति राम चंद्र पौडेल को अपना इस्तीफ़ा सौंपते हुए कहा कि यह राजनीतिक समाधान और मौजूदा मुद्दों के समाधान के लिए है। उन्होंने अपने पद से इस्तीफा देने के बाद देश की कमान उप-प्रधानमंत्री को सौंप दी है। हालाँकि, प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि देश में एक अंतरिम सरकार का गठन किया जाना चाहिए। इसके अलावा, संसद को भंग कर नए चुनाव कराने की भी मांग की जा रही है। इसके अलावा नेपाल में हिंसक प्रदर्शन के बीच राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। पीएम ओली का इस्तीफा स्वीकार करने के बाद उन्होंने अपने पद से भी इस्तीफा दे दिया है। नेपाल में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री समेत सभी मंत्री पद खाली हो चुके हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक राजधानी काठमांडू और आसपास के क्षेत्रों में हुई झड़पों और आगजनी में अब तक 22 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, जबकि 400 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्रदर्शनकारियों ने संसद भवन में आग लगा दी। साथ ही प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली, राष्ट्रपति राम चंद्र पौडेल और गृहमंत्री के निजी आवास पर भी हमला कर तोड़फोड़ और आगजनी की।
सोशल मीडिया पर बैन हटाया
रिपोर्ट्स के मुताबिक 4 सितंबर 2025 वो तारीख थी, जब नेपाल की केपी शर्मा ओली की सरकार ने पूरे नेपाल में कुल 26 सोशल मीडिया साइट्स को बैन कर दिया। बैन होने वाली साइट्स में कुछ लोकप्रिय साइट्स जैसे यूट्यूब, फेसबुक, एक्स, इंस्टा और वॉट्सऐप भी थे, जो लोगों की रोजमर्रा की जरूरत में शामिल हैं, लेकिन सरकार की जिद ने इन सोशल मीडिया साइट्स को पूरी तरह से बंद कर दिया। हालांकि देर रात नेपाल सरकार ने सोशल मीडिया से प्रतिबंध हटा दिया। नेपाल के 10 से ज्यादा मंत्रियों ने पहले ही इस्तीफा दे दिया था। नेपाल के संचार, सूचना और प्रसारण मंत्री पृथ्वी सुब्बा गुरुंग ने देर रात घोषणा की कि सोशल मीडिया साइटों पर प्रतिबंध लगान का फैसला वापस ले लिया गया है। कई राजनेताओं पर हमले हुए। आगजनी में अरबों का नुकसान की खबर है।